News Wing
New Delhi, 24 October: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-चीन सीमा की सुरक्षा जिम्मेदारी संभालने वाले सुरक्षा बल आईटीबीपी को उसके स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं और उनकी वीरता की प्रशंसा की.
भारत-चीन सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है आईटीबीपी
मोदी ने ट्वीट किया है, ‘‘स्थापना दिवस पर आईटीबीपी परिवार को शुभकामनाएं. बल ने अपनी वीरता और मानवीय मूल्यों से स्वयं को अलग मुकाम पर पहुंचाया है.’’ उन्होंने लिखा है, ‘‘आईटीबीपी हिमालय के साथ अपनी विशेष आत्मीयता और बहुत ऊंचाई वाले स्थानों पर अपने अभियानों को लेकर अडिग है.’’ आईटीबीपी बल की स्थापना 24 अक्तूबर, 1962 को हुई. फिलहाल आईटीबीपी लद्दाख के कराकोरम दर्रा से लेकर अरूणाचल प्रदेश के जासेप ला तक भारत-चीन सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है.
प्राकृतिक आपदा के वक्त सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है आईटीबीपी
आईटीबीपी एक विशेष पर्वतीय बल है जिसके ज्यादातर अधिकारियों, कर्मियों को पर्वतारोहण और स्कीईंग का पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाता है. प्राकृतिक आपदा के वक्त आईटीबीपी सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है.




