Uncategorized

प्रणव ने फिर मांगा ममता का समर्थन

नई दिल्‍ली: यूपीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी ने परोक्ष रूप से तृणमूल कांग्रेस से एक बार फिर अपील करते हुए रविवार को सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे उन्हें वोट दें। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब ने दक्षिण कोलकाता स्थित अपने आवास के बाहर पत्रकारों से कहा कि मैं संप्रग और अन्य दलों द्वारा नामित उम्मीदवार हूं। मैं हर किसी का सहयोग और समर्थन चाहता हूं।

प्रणब ने कहा ‌कि जिन्होंने अपना रुख तय कर लिया है, वे अपनी संबंधित पार्टियों के निर्णय के आधार पर वोट देंगे। जिन्होंने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है, मैं उनसे अपील करूंगा कि वे संप्रग तथा बाहर से समर्थन देने वाले दलों के संयुक्त उम्मीदवार का समर्थन करें।

ज्ञात हो कि संप्रग में दूसरा सबसे बड़ा घटक, तृणमूल कांग्रेस ने अपने पसंदीदा उम्मीदवार पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा चुनाव लड़ने से इंकार किए जाने के बाद राष्ट्रपति चुनाव पर अभी तक अपने रुख की घोषणा नहीं की है।

तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने हालांकि देश का अगला राष्ट्रपति बनने की मुखर्जी की कोशिश का अभी तक पूरी दृढ़ता से विरोध किया है। मुखर्जी ने शनिवार रात कहा था कि फिलहाल बनर्जी से मिलने का कोई मौका नहीं है, लेकिन यदि जरूरत पड़ी तो राष्ट्रपति चुनाव पर वह उनसे बात करेंगे। मुखर्जी ने कहा‌ कि जब जरूरी होगा, मैं निश्चिततौर पर उनसे बात करूंगा।

मुखर्जी के खिलाफ पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पीए संगमा मैदान में हैं, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कुछ घटकों तथा ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) व बीजू जनता दल (बीजद) का समर्थन प्राप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button