News Wing Daltonganj, 25 October: डाल्टनगंज जिले के पाटन प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरमा में पढ़नेवाली आठवीं क्लास की एक छात्रा के साथ स्कूल के ही एक शिक्षक ने छेड़छाड़ किया है. पीड़ित छात्रा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पाटन थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि 24 अक्टूबर को स्कूल में कार्यरत पारा शिक्षक विरेन्द्र कुमार कुछ बच्चों को बुलाकर साफ-सफाई करवा रहे थे. साफ-सफाई के बाद सभी बच्चे घर चले गए. पीड़ित छात्रा भी घर जाने को तैयार हुई तो टीचर ने उसे यह कहते हुए रोक लिया कि तुम दो महीने से स्कूल नहीं आयी तो, कार्यालय में चलो हाजिरी बना देते हैं.
छात्रा शिक्षक के झांसे में आ गयी. इसके बाद शिक्षक ने कार्यालय में ले जाकर पैसे की लालच देकर उसके साथ छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया. विरोध कर पीड़िता वहां से भाग खड़ी हुई और घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद पीड़िता के बयान पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से बच्ची काफी डरी हुई है. पुलिस ने उसे और उसके परिजनों को सुरक्षा देने की बात कही है.




