NEWSWING
Daltonganj, 31 October : पलामू जिला में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गयी. एक महिला की पहचान नहीं हो सकी है. शव को पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है.
रेलवे लाइन से 42 वर्षीय सुरेश भगत का शव बरामद
जानकारी के अनुसार बरकाकाना-डेहरी ऑनसोन रेलखंड पर चंदवा और हैदरनगर रेलवे स्टेशन पर हुए अलग-अलग ट्रेन हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गयी. चंदवा के पश्चिमी केबीन स्थित रेलवे लाइन से 42 वर्षीय सुरेश भगत का शव बरामद किया गया है. सुरेश चंदवा के डेरियाटांड़ की निवासी थी.
मालगाड़ी से कटकर वृद्धा की मौत
इसी तरह हैदरनगर रेलवे स्टेशन के रेल फाटक संख्या 50/सी के समीप मालगाड़ी गुजरने के क्रम में 75 वर्षीय वृद्ध महिला की कटकर मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालगाड़ी गुजरने से पूर्व काफी दूरी से हार्न दे रहा था. इसके बावजूद उक्त महिला रेलवे लाईन पार कर रही थी. इसी क्रम में ट्रेन की चपेट में आ गयी. स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार राय ने कहा कि घटना की सूचना गढ़वा रोड जीआरपी को दे दी गई है. मृतका की पहचान नहीं हो सकी है.
45 वर्षीय कबूतनी देवी की कुएं में गिरने से मौत
इधर, चंदवा थाना क्षेत्र के हरैया गांव में बीरू साव की पत्नी कबूतनी देवी (45 वर्ष) की कुएं में गिरने से मौत हो गयी. वह कैंसर से पीड़ित थी. घटना की सूचना मिलने पर चंदवा थाना प्रभारी कमलेश्वर पांडेय मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी है.




