
Ranchi: भाजपा के राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अपनी ही सरकार को नसीहत दिया है. इस बार रांची की मेयर आशा लकड़ा को पत्र लिखकर उन्होंने सुझाव दिया है. इस बाबत पोद्दार ने दो पत्र लिखे हैं. यही नहीं, पत्र के माध्यम से रांची को स्मार्ट सिटी बनाने का जिक्र करते हुए स्लम बस्तियों पर चिंता भी व्यक्त की है.
कम आबादी वाले इलाकों में बनाये जा सकते हैं छोटे-छोटे लिंक रोड
एक पत्र में सांसद महेश पोद्दार ने मेयर से कहा है, ” अपना शहर ऊंचाई में भी फैल रहा है और खेतों में भी बस रहा है, जहां एक ओर हम अरबों खर्च करके स्मार्ट सिटी बना रहे हैं, जो एक छोटी सी आबादी को पूरा करेगा, वहीं हम खेतों में स्लम पैदा होते देख रहे हैं. किशोरगंज की संकरी गालियों में बसी लाखों आबादी इसका उदाहरण हैं. मेरा सुझाव है कि जिन इलाकों में अभी अपेक्षाकृत कम आबादी बसी है, वहां जमीन अधिग्रहण कर छोटे-छोटे लिंक रोड बनाये जा सकते हैं.”
ट्रैफिक की जो व्यवस्था बने वह निरंतर चले
वहीं दूसरे पत्र में ट्रैफिक व्यवस्था लेकर उन्होंने एक बार फिर चिंता जताई है. कहा, ” ट्रैफिक के कानूनों का पालन करने की ओर जनता धीरे-धीरे बढ़ती है. यह देखना सुखद अनुभव होता था, जब ट्रैफिक सिग्नल पर लोगों को अनुशासन दिखाने की आदत पड़ गयी थी. पर अब वह आदत बिगड़ गयी है और ठीक नहीं हो पा रही है. वर्षों लगते हैं आदत ठीक करने में. तो मेरा सुझाव है कि इसलिए जो व्यवस्था बने वह निरंतर चले “
पहले भी उठा चुके हैं सवाल
ऐसा पहली बार नहीं है कि सरकार को सांसद महेश पोद्दार ने पहली बार सलाह दी हो. इससे पहले भी वे रांची में लग रहे जाम और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार के द्वारा किए गये प्रयोग पर सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने इस बाबत ट्वीट् भी किया था, साथ ही शराबों की दुकानों पर लग रही भीड़ पर चुटकी ली थी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




