Jamtara, 16 October: सुखजोड़ा गांव की विधवा महिला मुनि टुडू ने, सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंच कर उप प्रमुख असीत मंडल से गुहार लगाई. कहा, कि साहब मुझे पेंशन दिला दीजिए. दूसरे से पैसे उधार लेकर आपके पास आयी हूं.
महिला ने सुनाई आपबीती सुनाई
मुनि टुडू ने उप प्रमुख से अपनी आपबीती सुनाई. कहा, अगर पेंशन नहीं मिला, तो हम भूखे मर जाएंगे. वहीं उपप्रमुख ने विधवा महिला को बैठाया और आश्वासन दिया, पेंशन जल्द ही मिलेगा. महिला ने कहा, मेरे पति की मृत्यु एक साल पहले हो गयी थी. लेकिन हमको अभी तक पेंशन नहीं मिल पाया है. पति की मृत्यु होने के बाद से हमें चावल भी नहीं मिल रहा है. चावल लेने के लिए डीलर के यहां जाते हैं, तो कहा जाता है कि आपका अंगूठा का निशान नहीं ले रहा है. इसलिए आपको चावल नहीं देंगे. मेरा इस दुनिया में कोई नहीं है. ना बेटा ना बेटी. घर में अकेली हूं. खाने के लाले पड़ गए हैं.
कर्मियों, पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को पेंशन से वंचित होना पड़ रहा: उपप्रमुख
उपप्रमुख ने कहा कि प्रखंड कार्यालय के कर्मियों तथा पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण लोगों को पेंशन से वंचित होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सीओ से बात कर अविलंब उक्त महिला को चावल तथा विधवा पेंशन का लाभ दिलवाया जाएगा.




