Uncategorized

जर्मनविंग्स हादसा : 78 शवों की डीएनए जांच हुई

पेरिस : फ्रांसीसी जांचकर्ताओं ने रविवार को कहा कि उन्होंने जर्मनविंग्स विमान हादसे में जान गंवाने वाले 150 लोगों में से 78 के शवों की डीएनए जांच पूरी कर ली है। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, हालांकि अब तक जिन शवों की डीएनए जांच पूरी हो चुकी है, उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है, क्योंकि पहचान की पुष्टि के लिए उनके परिजनों के डीएनए के नमूनों से मिलान जरूरी है।

दुर्घटनास्थल पर 50 हेलीकॉप्टर अब भी मृतकों के शवों के अवशेष इकट्ठा करने में जुटे हुए हैं और लगभग 50 लोग घटनास्थल से शवों के अवशेष, मृतकों के व्यक्तिगत सामान और विमान के मलबों को जमा करने में जुटे हैं।

अब तक दुर्घटनास्थल का दौरा हेलीकॉप्टर के जरिए ही किया जा सकता था, लेकिन प्रभारी जांचकर्ता ब्राइस रॉबिन ने बताया कि दुर्घटनास्थल तक जाने वाली सड़कों को खोल दिया गया है, ताकि वहां तक गाड़ियां आ-जा सकें।

जांचकर्ताओं ने कहा कि घटनास्थल से अवशेष जमा करने का काम पूरा होने में और 10 दिनों का समय लगेगा और उनकी पहचान में ज्यादा वक्त लग सकता है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मृतकों के अवशेष उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि विमानन कंपनी लुफ्थांसा की शाखा जर्मनविंग्स का विमान एयरबस ए320 बीते 24 मार्च को स्पेन के बार्सिलोना से जर्मनी के डसेलडॉर्फ जाते हुए फ्रांसीसी आल्प्स के आल्प्स-डे-हौते प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button