Uncategorized

गोवा हादसाः तीन मजदूरों का शव झारखंड आया, छह की तलाश

रांचीः गोवा में इमारत ढहने की घटना में मारे गए तीन मजदूरों  के शव झारखंड लाए गए हैं। तीनों साहेबगंज और गोड्डा के रहने वाले थे। बुधवार को एयर इंडिया के विमान से तीनों शव रांची लाए गए।  यहां से तीनों शवों को उनके गांव भेजे जा रहे हैं।

गोवा में कैंप कर रहे राज्य के आपदा प्रबंधन अधिकारी कर्नल एसके श्रीवास्तव ने बताया है कि तीन शवों की पहचान कर ली गई है। उनमें पूरना धरवे और मुन्ना गोस्वामी साहेबगंज के कुसमा गांव के रहने वाले हैं।

 तीसरे मृतक का नाम संजय सिंह है। वे गोड्डा के रहने वाले हैं। संजय सिंह राजमिस्त्री का काम करते थे।

गोवा में मजदूरों ने अपने राज्य के अधिकारियों को बताया है कि झारखंड के अन्य छह मजदूर अब भी मलबे में दबे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि ढही इमारत के मलबे को हटाने के बाद शवों की पहचान की जाएगी। तब साफ होगा कि झारखंड के और कितने मजदूरों की मौत हुई है।

गौरतलब है कि मजदूरों का शव झारखंड लाने और घायलों का समुचित इलाज  के लिए सरकार ने आला अफसरों को गोवा भेजा है।

सरकार के आपदा प्रबंधन सचिव अरूण कुमार सिंह और कर्नल श्रीवास्तव अभी गोवा में कैंप कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया है कि झारखंड के चार घायल मजदूरों को इलाज के बाद अस्पताल से छोड़ दिया गया है।

उनके नाम लक्ष्मण गोस्वामी, महेंद्र गोस्वामी, विष्णु गोस्वामी और कुपचा गोस्वामी हैं। सभी साहेबगंज के ही रहने वाले हैं।

– विशेष संवाददाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button