
NewDelhi : कट्टरपंथ और इंटरनेट के जरिए फैल रहे आतंकवाद के संदर्भ में गृह मंत्रालय ने बैठक की. बैठक में आतंकवाद से निबटने के लिए केद्र सरकार के समक्ष क्या चुनौतियां हैं, इस पर गहन चर्चा की गयी. बैठक में पीएम मोदी की सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिये गये. उन्हें मारने की साजिश के तहत लिखी गयी चिट्ठी पर भी गंभीर चर्चा की गयी. बता दें कि गृह मंत्रालय ने जिन लोगों के पास से चिट्ठी बरामद हुई है उनके बारे में पूरी जानकारी मांगी है. महाराष्ट्र पुलिस से इस मामले में पूरी रिपोर्ट मांगी गयी है. बैठक में इस बात का जिक्र करते हुए मंथन किया गया कि किस तरह आतंकवादी कट्टरपंथ के जरिए युवाओं को भड़का रहे हैं. उन्हें किस तरह से सोशल मीडिया के जरिए नियंत्रित कर रहे हैं. गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने आतंकवाद के बढ़ते खतरे को देखते हुए टेलीकॉम, पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली सुधारने और इनमें बेहतर तालमेल बिठाने के मुद्दे पर विमर्श किया.
इसेे भी पढ़ें : राहुल गांधी की इफ्तार पार्टी में प्रणब मुखर्जी को निमंत्रण नहीं, आरएसएस के कार्यक्रम में जाने का साइड इफेक्ट!
आंतकवाद का समर्थन करने वाली वेबसाइट्स को ब्लॉक किया जायेगा
बैठक में उन वेबसाइट्स को बंद करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गयी, जो आंतकवाद का समर्थन करते हैं. कहा गया कि ऐसी वेबसाइटों की पहचान कर उन्हें भविष्य में ब्लॉक किया जायेगा. बैठक में ऐसे वेबसाइट को ब्लाक करने के लिए आईटी एक्ट के तहत प्रभावी कदम उठाने पर भी चर्चा की गयी. गृह मंत्रालय की इस बैठक में फैसला लिया गया कि तय समयसीमा में ये सभी कदम उठाए जायेंगे. बैठक में संबधित एजेंसियों के बीच आतंकवाद रोकने के लिए टेलीकाम डिपार्टमेंट, पुलिस व अन्य एजेंसी के बीच बेहतर समन्वय बनाये जाने पर मुहर लगी. भविष्य में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों को बैठक में बुलाये जाने का निर्णय लिया गया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




