NEWSWING
Giridih, 09 November : गिरीडीह में बालू के धंधेबाजों पर प्रशासन का डंडा चला है. यहां सालों से धंधेबाज बालू बेचकर चांदी काट रहे हैं. गुरुवार को इस धंधे पर परिवहन विभाग ने लगाम कसने की कोशिश की. यहां रूटीन चेकिंग के दौरान डीटीओ योगेंद्र प्रसाद व डीएमो विभूति कुमार ने जांच के दौरान झंडा मैदान के पास से 5 बालू लदे ट्रकों को आपने कब्जे में ले लिया.
गुड्डू जी का है बालू, गंगापुर से ला रहे हैं : ड्राईवर
इस क्रम में ट्रक चालक मिथलेश कुमार यादव ने बताया कि गुड्डू यादव के साईट से लोड कर बालू को मधेपुरा ले जा रहे हैं. वहीं एक अन्य ड्राईवर ने बताया कि गंगापुर से ला रहे हैं, बालू गुड्डू जी का है मधेपुरा बिहार ले जा रहे हैं.
जांच के बाद होगी कार्रवाई ः डीएमओ
इधर इस बाबत डीटीओ योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि बालू का मामला खनन विभाग के अधीन है. जांच होगी, गड़बड़ी रहने पर कारवाई की जाएगी. वहीं इस मामले में डीएमओ विभूति कुमार ने कहा कि डीटीओ के साथ संयुक्त निरीक्षण के दौरान 5 बालू लदे ट्रकों को पाकड़ा गया है. उन्होंने कहा कि इनलोगों के पास खनिज चालान मौजूद है, लेकिन जितनी मात्रा चालान में दर्ज है, उससे अधिक गाड़ियों में लोड लग रहा है. जांच कर विधिसम्मत कारवाई की जाएगी.
ओवरलोड कर बालू ढ़ोने का यह पहला मामला नहीं
बहरहाल, मात्रा से अधिक लोडिंग कर बालू ढ़ोने का यह कोई पहला मामला नहीं है. पूर्व में सरकार द्वारा बालू उठाव पर रोक के बावजूद भी गिरिडीह जिले में धरल्ले से बालू उठाव हुआ करता था. खैर अब सरकार ने दोबारा बालू उठाव का आदेश दे दिया है तो धन्धेबाज ओवरलोड बालू ढुलाई करवाकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. ऐसे में देखना यह होगा कि इस पर रोकथाम के लिये विभाग कुछ ठोस कदम उठाता है या नहीं.




