Uncategorized

‘क्या आप कमजोर नहीं है?’

– कांग्रेस ने मोदी से पूछा –
नई दिल्ली: जम्मू एवं कश्मीर के उड़ी में सेना के शिविर पर हुए आतंकी हमले के एक दिन बाद सोमवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि यदि वह एक मजबूत प्रधानमंत्री हैं तो उन्हें यह साबित करना चाहिए। कांग्रेस का यह बयान अतीत में मोदी द्वारा दिए गए उस बयान के संदर्भ में आया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन संप्रग सरकार को कमजोर कहा था, और उसपर आरोप लगाया था कि वह पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यहां मीडिया से कहा, “मिस्टर प्राइम मिनिस्टर क्या आप कमजोर नहीं हैं? अगर आप मजबूत हैं तो देश इस बात का सबूत चाहता है।”

तिवारी ने कहा, “अगर यह सही है कि इन हमलों के पीछे जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) है, तो एक और सवाल खड़ा होता है : क्या कांधार कांड से किसी और तरीके से नहीं निपटा जा सकता था? क्योंकि मसूद अजहर को छोड़ने के बाद ही उसने जेईएम का गठन किया था।”

भारत ने दिसंबर 1999 में जेईएम के संस्थापक मौलाना मसूद अजहर को आतंकवादियों द्वारा अपहृत किए गए इंडियन एयरलाइन्स की उड़ान आईसी-814 के करीब 200 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की रिहाई के बदले में छोड़ दिया था।

उस समय केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सत्तासीन थी।

तिवारी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर पाकिस्तान को लेकर स्पष्ट नीति न होने का भी आरोप लगाया।

तिवारी ने कहा, “मोदी सरकार को खुद से दो सवाल पूछने चाहिए। एक, आप पाकिस्तान के साथ क्या करना चाहते हैं और दूसरा आप पाकिस्तान के साथ क्या कर सकते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button