श्रीनगर : भारतीय सेना ने शुक्रवार को कश्मीर में किए गए भीषण आतंकवादी हमलों का आरोप पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा पर लगाया। इन हमलों में आठ सैनिक तथा तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां रविवार को कहा कि कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हुए हमले में शामिल रहे आतंकवादी विशेष बलों की तरह प्रशिक्षित थे और उनकी तैयारी एक लंबी लड़ाई लड़ने के लिहाज से थी।
श्रीनगर की 15 कोर के जनरल कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा ने यहां संवाददाताओं को बताया, “ये आतंकवादी हमले करने के लिए विशेष बलों की तरह प्रशिक्षित थे।”
साहा ने कहा कि इस संकेत के पर्याप्त सबूत हैं कि हमलावर पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादी संगठन से थे।
उन्होंने कहा, “वे जिस तरह के गोला-बारूद लिए हुए थे, उससे पता चलता है कि वे बड़े हमले की तैयारी में थे। छह एके-47 राइफलें, मैग्जीन्स और 1,415 चक्र कारतूस और खाद्य सामग्रियां उनके पास से बरामद हुई थीं, जो संकेत देते हैं कि वे एक लंबी लड़ाई के लिए यहां रुकना चाहते थे।”
साहा ने कहा कि आतंकवादियों ने बारामूला जिले के उरी सेक्टर में जानलेवा हमले करने के लिए उरी में झेलम नदी पार की, क्योंकि वहां नदी का जलस्तर कम था।
उरी में एक आत्मघाती दस्ते ने पौ फटने से पहले ही एक सैन्य शिविर पर हमला कर दिया, जिसमें आठ सैन्यकर्मी और तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए। कई घंटों की मुठभेड़ के बाद सभी छह आतंकवादी मारे गए।
आतंकवादियों ने उसी दिन तीन अन्य जगहों पर भी हमले किए, जिसमें उरी में मारे गए लोगों सहित कुल 21 लोग मारे गए।
साहा ने कहा, “घुसपैठ और हमलों का तरीका साबित करता है कि ये हमले अत्यंत समन्वित थे।”
जनरल साहा ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा, “संघर्ष विराम उल्लंघन सहित हमले से संबंधित सभी घटनाएं सीमा पार से समन्वयन के बगैर नहीं हो सकतीं।”
साहा ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में इस वर्ष अबतक कम से कम 100 आतंकवादी मारे जा चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष 89 आतंकवादी मारे गए थे।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी सीमा में तीन-चार दिसंबर को घुसे होंगे और जंगलों में छिप गए होंगे। उन्होंने सुनियोजित तरीके से पांच दिसंबर को हमला किया।
विधानसभा चुनाव या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रीनगर दौरे का नाम लिए बगैर साहा ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में चूंकि बड़े आयोजन हो रहे हैं, इसीलिए ये आतंकवादी हमले यहां हो रहे हैं। आईएएनएस




