News Wing
New Delhi, 21 October: एम्स अस्पताल में एंजियोप्लास्टी कराने के बाद आज उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
प्रमुख धमनियों में आ रही थी रुकावट
एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि नायडू (68) की कल एंजियोग्राफी की गई थी जिसमें देखा गया कि उनकी प्रमुख धमनियों में से एक में रुकावट पैदा हो गई है और इसका इलाज करने के लिए एक स्टेंट डाला गया. एम्स के अधिकारियों ने बताया कि बाकी उनकी सेहत ठीक हैं. नायडू को तीन दिन तक पूरी तरह आराम करने और इस दौरान उनसे किसी को भी नहीं मिलने देने की सलाह दी गई है.
डॉक्टर बलराम भार्गव की देखरेख में की गई एंजियोप्लास्टी
स्टेंट एक बारीक नली होती है जो कमजोर और सिकुड़ती हुई धमनियों के इलाज के लिए धमनियों के अंदर डाली जाती है. अगस्त में उप राष्ट्रपति बनने के बाद वह अपनी संपूर्ण जांच करवाने के लिए एम्स आए थे. इनमें से कुछ जांच में ह्रदय संबंधित समस्याओं की बात पता चली जिसके बाद एंजियोप्लास्टी की इस प्रक्रिया को अंजाम दिया गया. ह्रदयरोग विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर बलराम भार्गव की देखरेख में यह एंजियोप्लास्टी की गई।




