नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से नवनियुक्त राज्यसभा सदस्य सुब्रह्मण्यम स्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर पद से रघुराम राजन को हटा दिया जाए। उन्होंने कहा कि राजन मानसिक रूप से पूरी तरह भारतीय नहीं हैं। स्वामी ने सोमवार को मोदी को दो पृष्ठों का एक पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है। स्वामी ने कहा है कि राजन को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। राजन अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के मुख्य अर्थशास्त्री रह चुके हैं।
स्वामी ने पत्र में लिखा है, “मैं यह सिफारिश इसलिए कर रहा हूं, क्योंकि मैं जान-बूझकर उनके द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की कोशिश से चकित हूं।”
स्वामी ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की गैर निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) दो साल में दोगुना होकर 3.5 लाख करोड़ हो गई हैं।
उन्होंने कहा, “राजन के इन्हीं कार्यो से मुझे यह पूरा विश्वास हो गया है कि वह भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार की कामना रखने वाले से अधिक भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने वाले के रूप में काम कर रहे हैं।”
स्वामी ने कहा, “यही नहीं वह अमेरिकी सरकार द्वारा दिए गए ग्रीन कार्ड पर इस देश में रह रहे हैं, इसलिए मानसिक रूप से पूरी तरह से भारतीय नहीं हैं। नहीं तो, आखिर क्यों वह अपने ग्रीन कार्ड को चालू रखने के लिए अमेरिका की सालाना यात्रा के जरिए अपने ग्रीन कार्ड का नवीनीकरण कराएंगे।”
उन्होंने कहा, “मुझे इसकी कोई जरूरत नहीं समझ में आती है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा नियुक्त भारतीय आर्थिक हितों के विरुद्ध काम करने वाले किसी व्यक्ति को इस पद पर रखा जाए, जबकि आरबीआई गवर्नर पद के लिए देश में कई राष्ट्रवादी सोच वाले विशेषज्ञ मौजूद हैं।”
संप्रग सरकार ने राजन को सितंबर 2013 में तीन साल के लिए आरबीआई का गवर्नर नियुक्त किया था। इस कार्यकाल को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
स्वामी ने 12 मई को राजन पर महंगाई बढ़ाने और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप लगाया था और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की थी।




