राँची, 26 जुलाई: किसान हमारे साथी हैं और सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता किसान और किसानी कार्य में आने वाली समस्या को दूर करना है. मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने यह बात कहते हुए राज्य के किसानों से यह अपील किया कि वे अपनी कोई भी समस्या मुख्यमंत्री किसान हेल्पलाईन पर तुरंत बताएं.
22 जुलाई से अब तक 862 किसानों ने अपनी समस्याएं बताईं. जिसको तत्परता पूर्वक दूर किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हिचके नहीं, निर्भीक होकर अपनी बात कहें. उन्होंने कहा कि राज्य की लाईफलाईन है कृषि.
कृषि सचिव पूजा सिंघल ने बताया कि मुख्यमंत्री किसान हेल्पलाईन के प्रति लोगों का रूझान बढ़ रहा है. 862 मामलों में कुछ ऐसे मामले जैसे रांची, चान्हों के विनय कुमार चोरया की मिट्टी जांच समस्या, हजारीबाग के बड़कागांव के उमेश कुमार के खेतों में कीट व्याधि, खूंटी अड़की के जर्नादन प्रसाद स्वासी को खाद एवं बीमा राशि नहीं मिलने की समस्या, जामताड़ा कुंडहित के सुरेश बाउरी और रांची सोनाहातु के युगेंन्द्र मछुवा को खाद नहीं प्राप्त होने की समस्या का निराकरण 24 घंटे के भीतर कर दिया गया. श्रीमती पूजा सिंघल ने बताया कि किसान कभी भी 0651-2490542 तथा मोबाईल-7632996429 पर अपनी समस्या, शिकायत दर्ज कर सकते हैं. किसानों को इन नम्बरों पर परामर्श भी दिए जा रहे हैं. 32 किसानों को बीज, 53 किसानों को किसान रूपे कार्ड, 20 किसानों को उर्वरक तथा बड़ी संख्या में किसानों को फसल बीमा के लिए आवेदन भराने का कार्य कराया गया है.




