— कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने की प्रेसवार्ता —
के ई सैम
रांची : कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा एवं उसकी सहयोगी दलों ने झारखण्ड में करीब 11 वर्षों तक शासन किया है। भाजपा बताए कि उसने इतने वर्षों के अपने शासन के दौरान झारखण्ड का कितना विकास किया? बिजली, स्टील व अन्य कंपनियों के साथ करीब 169198.26 करोड़ के कुल 42 समझौतों का क्या हुआ? देश के सबसे समृद्ध खनिज संपदा वाले इस राज्य में भाजपा ने अपने 3134 दिनों के शासन काल में क्या क्या सुधार किया? ग्रेटर रांची, आईटी हब और रोजगार सृजन के अपने वादे को कितना निभाया?
श्री सुरजेवाला ने कहा कि मैं भाजपा, मोदीजी और अमित शाह जी से पूछना चाहता हूं कि झारखण्ड मानव विकास सूचकांक के मामले में कुल 23 राज्यों में से 21वें स्थान पर कैसे है? प्रदेश के 69 लाख परिवारों में से 35 लाख परिवार गरीबी रेखा से नीचे क्यों हैं? झारखण्ड राज्य पर करीब 37 हज़ार करोड़ व यहां के हर व्यक्ति पर औसतन 10 हजार 909 रुपये का ऋण क्यों है? कुल 32 हजार 615 गांव में से केवल चार हजार गांव में ही बिजली क्यों उपलब्ध है? बेरोजगारी में देश के 28 राज्यों में झारखण्ड 27वें स्थान पर क्यों है?
सुरजेवाला ने कहा कि नरेंद्र मोदी परिवारवाद की राजनीति का आरोप लगाते हैं पर उनकी और उनके सहयोगी दलों में परिवारवाद की लाइन लगी हुई है। क्या वो इस मुद्दे पर अपने दलों के नेताओं पर रोक लगाने को तैयार हैं? क्या वो अपने सहयोगी दलों से इस मुद्दे पर गठबंधन तोड़ेंगे? उन्होंने कहा कि मोदीजी बताएं की किस प्रकार वो झारखण्ड के कोयले से 20 हजार करोड़ लाभ अर्जित करेंगे जबकि उन्होंने कोयला खानों के राष्ट्रीयकरण एक्ट को बदल कर कुछ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम किया है।
श्री सुरजेवाला ने कहा कि कन्सेंसुयल मालगवरनेन्स, कंसरटेड लूट, कांस्पीरेशनल करपशान और क्रिमिनल स्प्रेड ऑफ़ नक्सालिस्म एवं बैकवर्डनेस, बन्क्रपसी ऑफ़ डेवलपमेंट, बिटर पावर्टी और बैंचमार्क ऑफ़ लोवेस्ट लेवेल ऑफ़ ह्यूमन इंडेक्स के लिए भजपा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावी घोषणा करके प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्पष्ट बहुमत वाली सरकार से ही राज्य में संतुलित एवं चौतरफा समग्र विकास संभव है।




