News Wing Hazaribag, 21 October: हजारीबाग के केरेडारी में बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर पेट्रोल पंप पर लूट की घटना को अंजाम दिया है. केरेडारी थाना क्षेत्र के पतरा कला में साहा पेट्रोल पंप से अपराधियों ने ढाई लाख रुपये लूट लिये. बताया जाता है कि शनिवार की रात 9 बजे दो नकाबपोश अपराधी अपाची मोटरसाइकिल में देसी कट्टा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे और पेट्रोल पंप के मालिक से ढाई लाख रुपये लूट कर फरार हो गये. लूट की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फूटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है. एसपी अनुप बिरथरे खुद घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं.




