रांचीः जल, जंगल, जमीन और जलवायु हमारी विरासत है। ये झारखंड की पहचान हैं। इसे बचाये रखना हमारी जिम्मेवारी है। हम आनेवाली पीढ़ी को हरित प्रदेश दें, इसके लिए सभी को साथ मिलकर काम करना होगा। हमारी सरकार कार्बन क्रेडिट के लिए जल्द ही झारखंड में ग्रीन क्रेडिट अभियान लागू करेंगे। इसके तहत जहां उद्योग का निर्माण, सड़क निर्माण-चैड़ीकरण के कारण पेड़ कटेंगे, वहां उसी अनुपात में वृक्षारोपण किया जायेगा। श्री दास शहर में आयोजित एक कार्यक्रम “मिशन एक करोड़ पौधे” अभियान की शुरुआत के अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय बदल गया है। लोग अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक हो गये हैं। किसी भी अभियान में जन सहयोग से शक्ति बढ़ जाती है। हमने जल सरंक्षण की दिशा में भी काफी काम किया है। इसमें भी अखबारों ने लोगों को जागरूक करने का काम किया है। हरमू नदी के मामले में भी अखबारों की भूमिका सराहनीय रही है।
श्री दास ने कहा कि सभी काम लाभ के लिए नहीं किये जाते हैं। झारखंड में सदियों से पेड़-पौधे को पूजा जाता रहा है। करम पूजा हो या सरहुल का त्योहार, हमारे यहां प्रकृति को पूजा जाता है। इसके अलावा यह हमारी अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है। गांवों में लोग आम, अमरूद, पपीता आदि के पेड़ लगाकर अपनी कमाई का साधन बनाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री दास ने उपस्थित लोगों को हरियाली शपथ दिलायी और पौधा लगाया। कार्यक्रम में विधायक श्री रामकुमार पाहन, डॉ जीतूचरण राम, डिप्टी मेयर श्री संजीव विजयवर्गीय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
(आईपीआरडी)




