
– ये पब्लिक है, सब जानती है…
Akshay Kumar Jha
Gomia/Ranchi: गोमिया उपचुनाव में जैसे-जैसे वक्त घटता जा रहा है, वैसे-वैसे पैसा और पावर का गेम दिलचस्प होता जा रहा है. राजनीति को पेशा मानने वालों का कहना है कि रोमांच बढ़ता जा रहा है. शायद ही इससे पहले गोमिया चुनाव में ऐसी परिस्थिति बनती दिखी हो. उम्मीदवार एक-दूसरे पर पैसा पानी की तरह बहाने का आरोप लगा रहे हैं. शाम होते ही जिन ढाबों और होटलों में अभी तक लालटेन से काम हो रहा था, वो अब ट्यूबलाइट से रोशन हैं. शराब और कबाब हर होटल के मेन्यू में है. रौनक और जलवा दोनों देखने लायक है. लुभावने वादों के अलावा जेब से लेकर घर तक भर दिए जा रहे हैं. इसी बीच अफवाह उड़ती है कि प्रशासन ने पांच करोड़ रुपए किसी व्यक्ति से जब्त किए हैं. माहौल ही ऐसा है कि हर कोई अपनी नजर उम्मीदवार या फिर उम्मीदवार के भरोसेमंदों की नजर से टकराना चाह रहा है. मौका ऐसा है कि जैसे मोची कुएं में गिर गया हो और मेंढक अपने जूते का नाप लेने का दबाव मोची पर बना रहा है.
इसे भी पढ़ें – चुनाव जीतने के लिए स्कॉर्पियो-बोलेरो बांट रहे हैं आजसू प्रत्याशी लंबोदर महतो !
पकड़े गए पचास हजार, अफवाह पांच करोड़ की उड़ी
प्रशासन भी अपने हिसाब से चौकन्ना है. सड़क पर चेकिंग के लिए पुलिस और प्रशासन के लोग कई जगह देखे जा रहे हैं. इसी बीच गोमिया के होसिर में पुलिस ने तलाशी लेते हुए दो लोगों से पचास हजार से कुछ ज्यादा रकम बरामद की. पकड़े गए दोनों लोगों ने पुलिस को समझाने में कुछ देर कर दी कि आखिर ये पैसे आए कहां से. अपनी जांच पूरी करने के बाद प्रशासन इस नतीजे पर पहुंचा कि पैसे बैंक से निकाल कर लाए जा रहे हैं. पकड़े गए दोनों लोग किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़े हुए नहीं हैं. पुलिस ने संतुष्ट होने के बाद दोनों को छोड़ दिया. लेकिन इस घटना के बाद गोमिया ही नहीं बल्कि पूरे बोकारो जिले में यह अफवाह उड़ी कि पुलिस ने पांच करोड़ रुपए बरामद किए हैं. न्यूज विंग ने एसडीएम बेरमो से बात कर सही जानकारी ली.
इसे भी पढ़ें – गोमिया उपचुनाव : पैसे का बोलबाला, स्कॉर्पियो-बोलेरो ही नहीं गाड़ी भर-भर कर बांटी जा रही है दरियां
उम्मीदवार लगा रहे हैं एक-दूसरे पर नोट से वोट खरीदने का आरोप
इधर जेएमएम के उम्मीदवार के पति योगेंद्र प्रसाद आजसू पार्टी के उम्मीदवार लंबोदर महतो पर नोट से वोट खरीदने का आरोप लगा रहे हैं, तो बीजेपी के उम्मीदवार माधव लाल सिंह दोनों पार्टियों पर भ्रष्ट तरीके से चुनाव प्रचार करने का आरोप लगा रहे हैं. मामले पर आजसू के उम्मीदवार लंबोदर महतो से बात करने की कोशिश का गयी. लेकिन उनका फोन नहीं लगा. उनसे मैसेज के जरिए कमेंट मांगा गया है. जैसे ही कमेंट आता है या फोन लगता है उनकी बात भी खबर के माध्यम से रखी जाएगी.

इसे भी पढ़ें – गोमिया उपचुनावः ना होगी विकास की बात, ना ही बहस में तब्दील होगा कोई मुद्दा, जातिगत समीकरण से ही होगी जीत की राह पक्की
धनबल हारेगा और जनबल जीतेगा : योगेंद्र प्रसाद

आजसू के उम्मीदवार लंबोदर महतो लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रहे हैं. खुलेआम स्कॉर्पियो-बोलेरो और दूसरे वाहन बांटे जा रहे हैं. कहीं दारू मुर्गा चल रहा है तो कहीं कुछ और. गोमिया उपचुनाव में आजसू गलत तरीके से कमाए गए पैसे खपाने का काम कर रही है. पैसे के जोड़ से उपचुनाव जीतने की कोशिश हो रही है. लेकिन ऐसा नहीं होगा. जनता धनबल को हराएगी और जनबल की जीत गोमिया में सुनिश्चित होगी.
ये उपचुनाव ही गोमिया का दुर्भाग्य : माधव लाल सिंह

ये उपचुनाव होना ही गोमिया के लिए दुर्भाग्य की बात है. आखिर ये चुनाव हो क्यों रहा है. एक विधायक कोयला चोरी के आरोप में दोषी पाया जाता है और उसे सजा होती है. ये दुर्भाग्य नहीं है तो क्या है. आजसू के पीएचईडी उपाधी प्राप्त डॉ. लंबोदर महतो पैसे के बल पर चुनाव लड़ रहे हैं. गलत तरीके से कमाए गए पैसे से चुनाव जीतना चाह रहे हैं. कमीशनखोरी, कोयला के काले व्यापार का पैसा इस चुनाव में खर्च हो रहा है. गोमिया के संस्कार में मांस और शराब घोलने की कोशिश हो रही है. लेकिन जनता इन्हें सबक सीखाने का काम करेगी. वोट वाले दिन जनता बटन दबा कर दोनों उम्मीदवारों को बताएगी की जीत कैसे और किसकी होती है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




