
NewDelhi : लोकसभा चुनाव 2019 का पहला चरण पूरा हो गया है. दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों पर 18 अप्रैल को वोट पड़ेंगे. बता दें कि इस दूसरे चरण में प्रत्याशियों ने नामांकन करते समय अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया है, उस पर नजर डालें तो इन प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा अमीर एच वसंताकुमार हैं, जिन्होंने अपनी संपत्ति 417 करोड़ रुपये घोषित की है. संताकुमार तमिलनाडु की कन्याकुमारी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. संपत्ति के मामले में दूसरे नंबर पर भी कांग्रेस के प्रत्याशी उदय सिंह हैं. उदय सिंह बिहार की पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने अपनी 341 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है.
27 फीसदी प्रत्याशियों की संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा
पहले और दूसरे नंबर के बाद तीसरे नंबर पर भी कांग्रेस के प्रत्याशी ही विराजमान हैं, जिनका नाम डीके सुरेश है. डीके सुरेश कर्नाटक की बेंगलुरु ग्रामीण सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं और उन्होंने 338 रुपये की संपत्ति घोषित की है. जान लें कि चुनाव पर नजर रखने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने प्रत्याशियों द्वारा दिये गये हलफनामों का मूल्यांकन किया है. एडीआर ने दूसरे चरण के लिए चुनाव लड़ रहे 1644 में 1590 प्रत्याशियों के दस्तावेजों के आधार पर बताया है कि लगभग 27 फीसदी यानी 423 प्रत्याशियों की संपत्ति एक करोड़ या उससे ज्यादा है.
एडीआर के अनुसार कांग्रेस के 53 में से 46 प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषित की है. जबकि भाजपा के 51 में 45 प्रत्याशियों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई है. डीएमके के 24 में से 23, एआईएडीएमके के सभी 22 प्रत्याशी और बीएसपी के 80 में से 21 प्रत्याशियों की संपत्ति की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा है. इस तरह लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की औसत संपत्ति लगभग 3 करोड़ 90 लाख है. बता दें कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों पर 18 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे. इसमें असम-5, बिहार-5, छत्तीसगढ़-3, जम्मू कश्मीर-2, कर्नाटक-14, महाराष्ट्र-10, मणिपुर-1, ओडिशा-5, तमिलनाडु-39, उत्तर प्रदेश-8, पश्चिम बंगाल-3 और पुडुचेरी की एक सीट पर वोट डाले जायेंगे.




