News Wing
Ranchi, 11 October: डीएवी नागेश्वर पब्लिक स्कूल ने एमएमके उच्च विद्यालय, बरियातू को 4-0 से हराकर अंडर-16 सीसीएल अंतर स्कूल आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. गांधीनगर के महात्मा गांधी क्रीड़ांगण में सीसीएल की मेजबानी में हो रहे अंडर 16 प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में पहले हाफ का खेल गोलरहित बराबरी पर था, लेकिन दूसरे हाफ के शुरूआत से ही डीएवी नागेश्वर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को जीत लिया. मैच के 37वें मिनट में संजय महतो ने डीएवी नागेश्वर के लिए पहला गोल दागा. इसके बाद संदीप टोप्पो ने मैच के 47वें, 58वें और 60वें मिनट में एक के बाद एक तीन गोल दाग टीम की जीत पक्की कर दी.
16 टीमों के खिलाड़ियों ने किया मार्च पास्ट
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सीसीएल के जीएम वेलफेयर और वीएन प्रसाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की. समारोह में 16 टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया, जबकि इसी दौरान डब्ल्यू जॉन मल्टीपरपस उच्च विद्यालय के बैंड ने शानदार प्रस्तुति दी. डीएवी नागेश्वर स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रभाकर मिश्रा, साई प्रभारी सुशील वर्मा, आदिल हुसैन, आशीष बोस, पार्थो भट्टाचार्य, वी प्रसाद, विमलेन्दु, रेफरी ओमप्रकाश ठाकुर समेत कई खेलप्रेमी मौजूद रहे.
संदीप महतो रहे मैन ऑफ द मैच
इस मैच के मैन ऑफ द मैच संदीप महतो रहे. उद्घाटन मुकाबले में हैट्रिक जमानेवाले संदीप टोप्पो को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रभाकर तिर्की ने उन्हें मोमेंटे देकर सम्मानित किया. पुरस्कार समारोह के बाद संदीप ने बताया कि वे उनकी टीम आगे भी अच्छा प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे.
प्रतियोगिता में 16 टीमें ले रही हैं भाग
पहली बार आयोजित हुए फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, दो ग्रुप में टीम खेलेगी. नॉक आउट आधार पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. ग्रुप ए में एमएमके उच्च विद्यालय, टीएस पब्लिक स्कूल, संत अल्बर्ट उच्च विद्यालय, जेएसएसपीएस, एस्कॉट, कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, डीएवी नागेश्वर पब्लिक स्कूल, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हिस्सा ले रहे हैं, वहीं ग्रुप बी में डब्ल्यू जॉन मल्टीपरपस स्कूल, आरटीसी उच्च विद्यालय, संत पॉल उच्च विद्यालय, फार एंजेल स्कूल, एसपीवीवी स्कूल ओरमांझी, सेंट्रल अकादमी, बेथनी कॉन्वेंट स्कूल और संत मदर टेरेसा की टीम हिस्सा ले रही है.




