
Koderma. शराब पीने को लेकर हुए विवाद में कोडरमा स्थित एक होटल में शनिवार की रात दो लोगों की हत्या मामले में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है. घटना कोडरमा के बाघीटांड में शनिवार को हुई थी, जहां शराब पीने बिहार से पांच युवक शांति मोटल पहुंचे थे. उनलोगों ने वहां जमकर शराब पी. इस दौरान उनलोगों की होटल मालिक से किसी बात को लेकर बहस हो गई और फिर जमकर मारपीट हुई. सीसीटीवी फुटेज में युवकों के साथ बुरी तरह मारपीट किए जाने की बात सामने आयी है. बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद पैसे चुकाकर सभी युवक वहां से चले गए थे. जाते-जाते होटल मालिक को धमकी भी दी. बाद में सभी युवक वापस लौटे और गोलियां बरसाने लगे जिसमें होटल मैनेजर मोहम्मद नसीम (30) और एक अन्य कर्मी अमजर आलम उर्फ राजन (32) की गोली लगने से मौत हो गई.
सीसीटीवी ने घटना के पीछे का खोला राज
घटना को लेकर जब पुलिस ने होटल में लगा सीसीटीवी खंगाला तो घटना के पीछे की वजह भी सामने आई. दरअसल बिहार से शराब पीने के लिए पांच युवक कोडरमा के उक्त शांति मोटल पहुंचे थे. पांचों युवकों ने होटल में जमकर शराब पी. इसके बाद होटल संचालक और शराब पी रहे युवकों के बीच पैसे के भुगतान को लेकर कहा-सुनी हुई. विवाद के दौरान होटल संचालक और होटल के अन्य कर्मियों ने मिलकर शराब पी रहे युवकों की जमकर धुनाई कर दी. जिसके बाद युवकों ने होटल में भुगतान किया और धमकी देकर वहां से चले गए. मारपीट की घटना के दो घंटे के बाद एक बार फिर से पांचों युवक होटल पहुंचे और गोली चलाने लगे. गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई. होटल के अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. इधर घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना को अंजाम देने के बाद पांचों युवक पहले से खड़ी कार में सवार हुए और भाग निकले. परन्तु हड़बड़ी में भागने के दौरान कोडरमा घाटी में कार डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद युवकों ने कार को वहीं छोड़ दिया और जंगल के रास्ते भागने लगे. बताया जा रहा है कि युवकों ने भागने के लिए बिहार से दूसरी गाड़ी भी मंगवा ली थी, लेकिन पुलिस की दबिश ओर घाटी की घेराबंदी में पांचों युवक बिहार झारखंड की सीमा पर ही पकड़ लिए गए. कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने अपराधियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले युवकों की गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि शराब पीने के बाद यह घटना हुई है. जिले के सभी लाइन होटलों और कोडरमा के बॉर्डर इलाके में भी स्पेशल ड्राइव चलाया जाएगा.
कई घंटे रहा सड़क जाम
रात में हुई घटना के बाद शव के साथ लोगों ने पटना रांची रोड को जाम कर दिया. पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप और घटना के आरोपी सभी लोगों के पकड़ लिए जाने की खबर के बाद रात के एक बजे सड़क जाम हटाया गया. यहां यह भी उल्लेखनीय होगा कि जिस इलाके में घटना हुई वहां के अधिकांश होटलों में अवैध तरीके से शराब बेची जाती है और शनिवार रविवार को बिहार से काफी संख्या में लोग सिर्फ खाने पीने के लिए वहां पहुंचते हैं.




