
Ranchi: अंत्योदय कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए दो दिव्यांग भाइयों को गांव से 60 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय तक आना पड़ा. मामला गढ़वा जिले का है. जिला समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय के बाहर जमीन पर सोये इन बच्चों की तस्वीर आपको विचलित कर सकती है.
धुरकी प्रखंड के बरसोती गांव के एक परिवार के दो दिव्यांग बच्चे चलने में असमर्थ हैं. परिवार के मुखिया ने कहा कि उनलोगों ने मुखिया व प्रखंड में कर्मियों से अंत्योदय कार्ड बनवाने के लिए निवेदन किया. लेकिन वे लोग नहीं माने और मुझे इन बच्चों को दिखाने के लिए डीसी ऑफिस जाने को कह दिया. कहा कि अधिकारी देखेंगे तो तुरंत कार्ड बना देंगे.
मुखिया और प्रखंड के कर्मियों के कहने पर ही परिवार का मुखिया दोनो दिव्यांग बच्चों की दिव्यांगता का सबूत देने डीसी ऑफिस पहुंच गया. गांव से जिला मुख्यालय की दूरी करीब 60 किलोमीटर है.
जिला समाहरणालय में जेएमएम के एक युवा नेता भी पहुंचे हुए थे. उन्होंने कहा कि मंत्री मिथलेश ठाकुर के निर्देश पर वे यहां आये हैं और इनलोगों का दो दिन के अंदर राशन कार्ड बन जायेगा.
इस संबंध में नगरउंटारी अनुमंडल के एसडीएम ने कहा कि इनलोगों को गलतफहमी हुई है. इनलोगों को जिला नही भेजा गया है, फिर भी हमलोग जांच करेंगे. जो दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जायेगी.




