
Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस और भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति दिवस मनाने का निर्णय लिया है.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के राजधानी रांची के डिप्टीपाड़ा स्थित आवास पर विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में जनजातीय कृतित्व सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : लातेहार : टीपीसी के एरिया कमांडर ने डीआईजी के समक्ष किया सरेंडर, संग़ठन को बताया सिद्धांतविहीन
विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा
इस मौके पर कला-संस्कृति, भाषा-साहित्य, सामाजिक कार्य, चिकित्सा, खेलकूद, पत्रकारिता और समाज के अन्य क्षेत्रों मंं काम करने वाले आदिवासी समाज के लोगों को सम्मानित किया जाएगा. पार्टी की ओर से चिह्नित किए गए व्यक्तियों को आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा. वहीं भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति दिवस मनाने को लेकर भी शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों में होर्डिंग्स लगाये गये है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजेश्वर उरांव की अध्यक्षता और नेतृत्व में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. कार्यक्रम स्थल को आदिवासी कला-संस्कृति के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है. इस कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य पार्टी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने बताया कि भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति में राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए आजादी के वीर सपूतों को नमन किया जाएगा. इसके अलावा सभी जिलों में भारत छोड़ों आंदोलन की स्मृति दिवस पर एवं विश्व आदिवासी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग : आजसू पार्टी ने मनाया निर्मल महतो का शहादत दिवस
विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए डिप्टीपाड़ा स्थित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सरकारी आवास पर एक बैठक भी हुई और अलग-अलग लोगों को जिम्मेदारी दी गई. आयोजन समिति के संयोजक सन्नी टोप्पो,अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पाल मुंजीनि,बेलस तिर्की,चैतू उरांव, सुषमा हेम्ब्रम, सुंदरी तिर्की,सुखेर भगत कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं.




