Uncategorized

सरकारी योजनाओं के संचालन से रू-ब-रू हुए प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी

Ranchi: भारत दर्शन पर झारखंड पहुंचे 18 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम ने अपने तीन दिन के राजधानी प्रवास के दौरान सरकारी कार्यों की जानकारी ली. इस दौरान इन प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को बताया गया कि कैसे और किन तरीकों से केंद्र और राज्य प्रायोजित योजनाओं का सफल संचालन होता है. मालूम हो कि भारत दर्शन पर निकले उक्त प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों की टीम शनिवार को रांची पहुंची थी. पहले दिन अधिकारियों की टीम नगर विकास विभाग के कार्यो की जानकारी ली थी. रांची प्रवास के दौरान इन अधिकारियों को अलग-अलग विभागों के योजनाओं की मॉनिटरिंग, एग्जीक्यूशन के बारे में जानकारी दी गयी थी. साथ ही उऩ्हें यह बताया गया कि राज्य सरकार किस तरह से विकास से जुड़ी योजनाओं का सफल संचालन करती है.

बैठक में शामिल हुए प्रशिक्षु अधिकारी

इस कड़ी में सोमवार को इन प्रशिक्षु अधिकारियों ने नगर विकास विभाग के अंतर्गत प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में आयोजित एक बैठक में भाग लिया. बैठक में उपस्थित नगरीय प्रशासन निदेशालय के निदेशक आशीष सिंहमार ने इन प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि नगरीय प्रशासन राज्य में किस तरीके से कार्य करता है. किस तरीके से सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सहयोग करता है. बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के साथ-साथ शहरों में बेघर के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी भी अधिकारियों को दी. इसके साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन के तहत चल रही योजनाओं के बारे में भी उन्हें रूबरू कराया.

चुनौतियों से निपटने के दिये टिप्स

उन्होंने इन प्रशिक्षु आईएएस को बताया कि सेवाकाल के दौरान उन्हें एक आईएएस अधिकारी के तौर पर किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा. इसे लेकर आशीष सिंघमार ने उन्हें इससे निपटने के लिए कई आवश्यक टिप्स भी दिये. बैठक में शामिल होने के बाद उक्त सभी प्रशिक्षु 18 आईएएस अधिकारियों की टीम सोमवार रात पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो गयी.

Related Articles

Back to top button