न्यूजविंग, रांची: यहां शहरी इलाके से करीब 12 किलोमीटर दूर कांके के अरसंडे पंचायत स्थित कुमार बाग रोड में 2015 में शुरू किये गये नारी निकेतन ‘स्नेहाश्रय’ के सामने स्थानीय लोगों सफाईकर्मी की नियुक्ति में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए घंटों प्रदर्शन किया। कुछ देर के लिए यहां तालाबंदी भी कर दी गयी थी।
इस संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस दिन यह सेंटर शुरू किया जा रहा था, मुख्यमंत्री ने यहां के स्थानीय लोगों को यह भरोसा दिलाया था कि इसमें लोकल लोगों को ही प्राथमिकता दी जायेगी। लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अब इसके संचालन का जिम्मा महिला समाख्या सोसाइटी को दिया गया है और सोसाइटी की निदेशक स्मिता गुप्ता कथित तौर पर पैसे लेकर इस केंद्र में बाहरी लोगों को बहाल कर रही हैं। इसी का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने आज यहां प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में करीब एक सौ लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है जिसमें महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा थी।
हालांकि महिला समाख्या सोसाइटी की निदेशक स्मिता गुप्ता ने न्यूज विंग से बात करते हुए इस आरोप से पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि 11 मार्च, 2016 को स्थानीय लोगों की उपस्थिति में सफाईकमी के एक पद के लिए नियुक्ति की गयी है। बाकी के पदों में नियुक्ति जॉब साइट ‘डेवनेट’ में बाकायदा विज्ञापन निकाल कर की गयी है। उन्होंने कहा कि जिस महिला को सफाईकमी के पद पर नियुक्ति किया गया है वह बहुत जरूरतमंद है। स्मिता गुप्ता ने कहा कि इस महिला की नियुक्ति में स्थानीय लोगों से राय ली गयी थी।इसके पक्ष में चार और विरोध में तीन स्थानीय लोगों ने अपनी सहमति दी। इस पद के लिए कुल 12 आवेदन आये थे जिसकी काफी गहनता से जांच के पद नियुक्ति की गयी है।
यहां बताते चलें कि नारी निकेतन की शुरूआत 26 जून, 2015 में इस उद्देश्य से की गयी थी कि राज्य में ट्रैफिकिंग की शिकार बालिकाओं और महिलाओं को अस्थायी तौर पर यहां रखा जा सकेगा और उन्हें यहां स्वास्थ्य से लेकर खाने पीने और रहने की मिल सके। हालांकि ये अलग बात है कि निकेतन की शुरूआत किये जाने से लेकर अब तक यह विवादों में ही घिरा रहा है। अब स्थानीय लोग भी विरोध में खुलकर सामने आने लगे हैं।
(04:11 मिनट पर कुछ शब्दों को संपादित किया गया है।)




