JharkhandLead NewsNEWSRanchi

केरल और बंगाल की राह पर झारखंड, एटम बम से शुरू हुई सियासत पटका-पटकी तक पहुंची

Political Editor

Ranchi: मई महीने की तपती गर्मी में झारखंड की सियासत में आया बवंडर नवम्बर महीने की भीनी भीनी सर्दी में भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. राजनीति में नेताओं के बीच जुबानी जंग तो आम बात है. लोकतंत्र में मर्यादित जुबानी जंग उसकी शोभा है और यह होना भी चाहिए लेकिन जब यही जुबानी जंग अपनी मर्यादाओं को लांघ दे तो वह लोकतंत्र के लिए घातक हो जाता है. पिछले 15 दिनों से झारखंड में नेताओं की जुबानी जंग मर्यादों का उल्लंघन कर रहा है.

 

दुखद स्थिति यह है कि राज्य के संवैधानिक प्रमुख का बयान आता है कि बहुत जल्द एक आध एटम बम फूटेगा और उसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह बयान अपने हजारों समर्थकों के सामने आता है कि कौन कौन सरकार का विरोध कर रहा है उसकी पहचान करें. साथ ही यह भी कहा था कि कुछ लोग धरना प्रदर्शन करनेवाले हैं उसकी भी पहचान करें. मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सरकार में शामिल मंत्री मिथलेश ठाकुर और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की के बिगड़े बोल सामने आये. भाजपा भी कहाँ पीछे रहनेवाली थी उसके नेताओं ने भी ताबड़तोड़ जवाब दिया. पिछले एक पखवाड़े से जो स्थिति झारखंड में दिख रही है वह केरल और बंगाल की याद दिला रहा है. इन दोनों प्रदेश में भी पहले जुबानी जंग शुरू हुई थी और बाद में वह कई मौके पर खुनी रंजिश का रूप ले लिया था.

 

राज्य सरकार के विकास में टांग अड़ाने पर टांग तोड़ देंगे : मिथिलेश ठाकुर

झारखंड राजभवन के समक्ष सोमवार को सत्तापक्ष का महाधरना हुआ था. यह महाधरना राज्य में चल रही सियासी सरगर्मी को और बढ़ा गया. राज्य सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने यहां तक कहा कि राज्य सरकार के विकास में टांग अड़ाने पर टांग तोड़ देंगे. कहा- हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. लोकतंत्र में जनता भगवान है. जनता ने हेमंत सोरेन की सरकार को पूरे पांच साल का जनादेश दिया है. पांच साल के लिए हमें सरकार चलाने का हक और अधिकार दिया है. हमलोग पीछे हटने वाले नहीं है. अगर ये राज्य के विकास में टांग अड़ाएंगे तो हम टांग तोड़ देंगे.

 

 गलती करे तो उसे पटक-पटक कर मारो : बंधु तिर्की

कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और मांडर के पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने महाधरना के दौरान कहा कि जो गलती करे उसे कार्यकर्ता पटक-पटक कर मारने का भी काम करें. राज्यपाल ने रायपुर में जाकर कैसी भाषा का प्रयोग किया, वह माफ करने लायक नहीं है. बंधु तिर्की ने कहा- हम जांच के विरोधी नहीं, हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन राजनीतिक प्रतिशोध में काम करोगे तो कुचल दिए जाओगे. यह साधारण बात नहीं है. सारे लोग एक हो जाओ. भाजपा के काले कारनामे को उजागर करने का काम करो. जरूरत हो तो पटक-पटक कर मारो. देखते हैं,

 

हेमंत सोरेन को कौन क्या बिगाड़ लेगा : राजेश ठाकुर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि समर्थकों की ताकत की बदौलत सरकार है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता. राज्यपाल अपने प्रदेश में जाकर कहते हैं कि एटम बम फोड़ेंगे. ऐसी विध्वंसक बातें कहने की अनुमति न तो सरकार देगी, न जनता देगी. हमने तो एटम बम रायपुर जाकर डिफ्यूज किया. राज्यपाल ने सरकार गिराने का प्रयास किया. ईडी समन करती है. कांग्रेस के विधायकों के यहां आइटी का छापा पड़ता है, भाजपा के अधिकारी की गाड़ी मिलती है. हम गांधीजी की विचारधारा के अनुसार अहिंसात्मक तरीके से बात रखेंगे. हम भगत सिंह के रास्ते पर भी चलते हैं. सड़क से लेकर दिल्ली के सदन तक को हिला देंगे. भाजपा बहुमत को लूटने का काम करती है. देखते हैं मुख्यमंत्री को कौन क्या बिगाड़ लेगा.

 

जिस स्थान पर पटका-पटकी करना चाहते हैं, आइए: दीपक प्रकाश

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा – जिस स्थान पर पटका-पटकी करना चाहते हैं, आइए. हम भी जाने को तैयार हैं. कांग्रेस को लोकतंत्र और अहिंसा पर विश्वास नहीं है. गांधीजी ने अपनी मृत्यु से पहले एक वसीयत लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए. ऐसा इसलिए लिखा था क्योंकि उन्हें पता था आने वाले कांग्रेसियों का व्यवहार समाज के प्रति कैसा होगा. हल्की बात कर कांग्रेसियों ने एक बार फिर अपने चरित्र को उजागर कर दिया है. इनके चेहरे को जनता ने आज फिर देख लिया है. भाजपा अहिंसा की पुजारी है और अहिंसा के रास्ते पर चलकर ही हम उन्हें जवाब देंगे. भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बंधु तिर्की के बयान पर कहा कि इन धमकियों से भाजपा नहीं डरती. कभी मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं को सबक सिखाने की धमकी देते हैं तो कभी उनकी पार्टी के नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को पटक कर मारने की धमकी देते हैं. लोकतंत्र में यह धमकी वाली नीति नहीं चलेगी. भाजपा के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं.

Related Articles

Back to top button