
Daltonganj : निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गयी है. इस कड़ी में राज्य निर्वाचन आयोग ने इस चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा खर्च की जाने वाली राशि की अधिकतम सीमा तय कर दी है. राज्य निर्वाचन आयुक्त एनएन पांडेय ने अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि वैसे नगर निगम क्षेत्र, जहां की आबादी दस लाख या उससे अधिक है, वहां मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार चुनाव के दौरान 25 लाख रुपये तक खर्च कर पायेंगे, जबकि वार्ड पार्षद के चुनावी खर्च की सीमा 5 लाख रुपये निर्धारित की गयी है. अधिसूचना के अनुसार दस लाख से कम आबादी वाले नगर निगम क्षेत्र में मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार केवल 15 लाख रुपये ही चुनाव में खर्च कर पायेंगे. ऐसे नगर निगम क्षेत्र के वार्ड पार्षद तीन लाख रुपये तक ही खर्च कर पायेंगे.
इसे भी पढ़ें – अजब प्यार की गजब कहानी : पहली मुलाकात में प्यार, दूसरी में शादी, तीसरे में ब्लैकमेलिंग व बेटी का अपहरण और खूंटी पुलिस खामोश !
एक लाख या उससे अधिक आबादी वाले नप क्षेत्र में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के उम्मीदवार 10 लाख खर्च कर सकेंगे
इस लिहाज से नगर निगम मेदिनीनगर में मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों के खर्च का दायरा 15 लाख पर सिमट कर रह जायेगा और वार्ड पार्षद तीन लाख की सीमा में रहेंगे. दरअसल नगर निगम मेदिनीनगर क्षेत्र की आबादी 1 लाख 58 हजार के आस-पास है. अधिसूचना के मुताबिक एक लाख या उससे अधिक आबादी वाले नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अधिकतम दस लाख रुपये खर्च कर पायेंगे. वार्ड पार्षदों के लिए चुनावी खर्च की सीमा दो लाख रुपये निर्धारित की गयी है. एक लाख से कम आबादी वाले नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार 6 लाख रुपये अधिकतम खर्च कर सकेंगे. वार्ड पार्षदों के लिए खर्च की सीमा डेढ़ लाख रुपये तय की गयी है. इसी प्रकार बारह हजार एवं उससे अधिक तथा चालीस हजार से कम आबादी वाले नगर पंचायत क्षेत्र के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी केवल 5 लाख और वार्ड पार्षद एक लाख रुपये ही चुनाव पर खर्च कर पायेंगे.
इसे भी पढ़ें :कुरमी की परंपराएं आदिवासी जैसी, अनुसूचित जनजाति में शामिल होना चाहिए : ताला मरांडी
इसे भी पढ़ें :कुरमी को एसटी सूची में शामिल करने मामले को टीआरआई के पास भेजने पर आजसू विधायक ने जतायी चिंता
खर्च का ब्योरा परिणाम घोषणा के 30 दिनों के भीतर जिला निर्वाचन पदाधिकारी के पास जमा करना होगा
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि चुनाव खर्च की गणना नाम निर्देशन की तारीख से परिणाम घोषित किये जाने की तिथि तक की जायेगी. परिणाम घोषणा के 30 दिनों के भीतर निर्वाचन व्ययों का लेखा जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) के पास जमा करना होगा. ऐसा नहीं करने वाले प्रत्याशी को आयोग तीन वर्षों के लिए अयोग्य घोषित कर देगा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




