HEALTHJharkhandLead NewsRanchi

झारखंड में इन्हें लगाया गया सबसे पहले टीका, जानिये कैसा रहा इनका अनुभव

Ranchi: झारखंड में मुख्यमंत्री ने सदर अस्पताल, रांची से कोविड टीकाकरण का शुभारंभ किया. राज्य के 48 सेंटरों में कोविड वैक्सीनेशन चालू किया गया है. रांची सेंटर में जिन चार लोगों ने सबसे पहले टीका लिया उनके अनुभव हमने जानने की कोशिश की.
कई ने कहा कि हम पहले डरे सहमे थे. पर वैक्सीनेशन के बाद बेहतर महसूस कर रहे हैं. रांची में सबसे पहले सफाईकर्मी मरियम गुड़िया ने टीका लिया. इसके बाद रांची मेडिका अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ विजय मिश्रा ने टीका लगवाया. रांची के नामकुम सीएचसी में सबसे पहले हरि महली ने टीका लगवाया. अब तक किसी में कोई साइड इफेक्टर नहीं देखा गया है. नीचे पढ़िये किसने क्या कहा…

कोविड के दौरान बेटे के लिए लगता था डर, आज सबसे अनमोल दिन

कोविड का सबसे पहले टीका लेने वाली सफाईकर्मी ने कहा, मेरे जीवन का आज सबसे अनमोल दिन है. कोविड में काम करने के दौरान अपने बेटे को लेकर सबसे ज्यादा डरी हुई रहती थी. लगता था कि इस समय हम काम नहीं करेंगे तो कौन करेगा. मैं सदर अस्पताल में 13 सालों से काम कर रही हूं. मुझे सबसे छोटी सफाईकर्मी होने के नाते सबसे पहले टीका लेने के लिए चयन किया गया. मैं सबसे पहले टीका लेकर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं. मुझे टीका लेने के बाद कोई दिक्कत नहीं हुई. एकदम नॉर्मल हूं. मरियम ने बताया कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है हर किसी को टीका लगाना चाहिए. उन्होंने कहा कि जल्द ही हम कोविड से जीत जाएंगे.

निजी अस्पताल के डॉक्टर को भी लगा टीका

कोविड का दूसरा टीका मेडिका अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ विजय मिश्रा को दिया गया. उन्होंने कहा कि एक साल में लोगों के मन से कोविड का डर गया है, कोविड से सुरक्षा के लिए जरूरी है टीका. उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई. टीका लगा के पूरी तरह स्वस्थ्य हूं. इस एक साल में धीरे-धीरे कोविड का डर लोगों के मन से समाप्त हो गया. इसका ये मतलब नहीं है कि कोविड समाप्त हो गया है.

उन्होंने कहा कि यह वैक्सीनेशन के लिए सेफ्टी बहुत जरूरी है. उन्होंने कहा कि ये कितना इफेक्टिव है ये बता पाना जल्दबाजी होगी, जब तक कि बड़ी संख्या में लोगों की जांच नहीं हो जाती है, इनके डेटा नहीं आ जाते हैं.

टीका से पहले डर रही थीं नर्स

सदर अस्पताल की सीनियर नर्स ने कहा-टीका की खबरों से सहम गयी थी. टीका के बाद सुरक्षित हूं. सदर अस्पताल में कोविड का तीसरा टीका सदर अस्पताल की ही सीनियर स्टाफ टेरेसा हेंब्रम को लगा. टेरेसा हेंब्रम ने कहा कि वो टीका लगने से पहले पूरी तरह सहमी थी. डर लग रहा था कुछ हो जाएगा तो क्या होगा. इसके साइड इफेक्ट की खबरें लगातार पढ़ रही थी. परिवार की भी चिंता होने लगी थी. लेकिन वैक्सीनेशन के बाद अब पूरी तरह सुरक्षित हूं. किसी प्रकार का कोई डर अब मन में नहीं है.

टीका लगे हुए दो घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है. टेरेसा ने कहा कि वैक्सीनेशन से लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है. यह दूसरे बीमारियों के टीके की तरह ही है. वैक्सीनेशन के बाद आधे घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया लेकिन तबीयत में जरा भी असर नहीं पड़ा. कोई भी साइड इफेक्ट जैसा महसूस नहीं हुआ. टेरेसा हेंब्रम ने बताया कि वैक्सीनेशन के पहले और बाद में ब्लड प्रेशर की जांच की हुई है.

नामकुम सीएचसी में सबसे पहले टीका लेने वाले हरि महली ने कहा कि वो कोरोना के काम करने के दौरान बहुत डरे हुए थे. उन्हें काम करने के दौरान बताया गया कि उन्हें टीका के लिये चयनित किया गया है. उन्होंने बताया कि सब बोल रहे हैं कि लेना चाहिये तो हमने ले लिया है. एक घंटे हो गये अभी तक किसी भी तरह का कोई साइड इफैक्ट नहीं हुआ है.

Related Articles

Back to top button