
- छठ मनाने के लिए घर लौटने के दौरान हो गये थे हादसे के शिकार
Palamu : जिले के चार मजदूरों के शवों का गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया. बेंगलुरु से हैदराबाद लौटने के क्रम में मंगलवार की सुबह चारों हादसे के शिकार हो गये थे. मजदूरों के शव घटना के तीन दिनों के बाद बुधवार की रात पलामू के उलडंडा, नदीपार और दुर्जन गांव लाये गये.
बुधवार की रात घर लाये गये शव
गौरतलब है कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के उलडंडा गांव निवासी सह मजदूर विनोद भुइहर, प्रमोद भुइहर और रामगढ़ नदीपार गांव निवासी हरि लोहार और रमकंडा थाना क्षेत्र के दुर्जन गांव के कमलेश लोहार की बेंगलुरु से घर लौटने के क्रम में मंगलवार की अहले सुबह हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी. मंगलवार की सुबह में हैदराबाद अस्पताल में सभी मृतक मजदूरों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया. बाद में दो एंबुलेंस से बुधवार की रात मजदूरों के शव उनके घर लाये गये.
इसे भी पढ़ें- अवैध माइका खदान धंसने से चार मजदूरों की मौत
गुरुवार की सुबह में सभी मृतक मजदूरों के शवों का अंतिम संस्कार अपने-अपने गांव के श्मशान घाट में कर दिया गया. कमलेश लोहार के ससुर रामगढ़ थाना क्षेत्र के नदीपार गांव निवासी लच्छू लोहार ने बताया कि कमलेश की शादी के चार-पांच साल पूर्व हुई थी. तब से अधिकतर समय घरजमाई बनकर रहा करता था. कमलेश के पिता द्वारा अपनी इच्छा प्रकट करने के बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया. मृतक मजदूरों के गांव में मातम पसरा हुआ है.
छठ मनाने के लिए लौट रहे थे घर
उलडंडा गांव निवासी दीपक चंद्रवंशी, हरेंद्र प्रजापति, रामसुंदर लोहार, संतोष प्रजापति, जवाहिर सिंह, जवाहिर भुइहर आदि ने बताया कि विनोद एवं प्रमोद का आस-पास ही घर है. दोनों गांव के चाचा-भतीजा लगते थे. विनोद के तीन नाबालिग बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चे का एक माह पूर्व जन्म हुआ है, जबकि प्रमोद घर का सबसे बड़ा बेटा था, जो बाहर कमाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. ट्रेन में टिकट नहीं मिलने के बाद भी सभी लोग परिवार से मिलने के लिए गाड़ी ठीक कर छठ में घर आ रहे थे. इनके परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रामगढ़ नदीपार गांव निवासी लच्छू लोहार, नथुनी मिस्त्री, सुरेश लोहार, योगेंद्र साव आदि ने बताया कि हरि लोहार एवं कमलेश रिश्ते में ससुर-दामाद थे. लॉकडाउन के बाद करीब तीन माह पूर्व दोनों एक साथ बेंगलुरु कमाने गये थे. हरि लोहार के छह बच्चे हैं, जबकि कमलेश के चार बच्चे हैं.
प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को 50-50 केजी अनाज दिया
रामगढ़ बीडीओ नरेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पाते ही प्रखंड की ओर से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग करते हुए 50-50 किलो अनाज उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने बताया कि मृत्यु प्रमाणपत्र बनने के बाद मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत मिलनेवाली राशि एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाया जायेगा.
इसे भी पढ़ें- घर में फांसी पर लटकी मिली विवाहिता की लाश, ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप




