Uncategorized

बोकारोः भूख से हो रही मौत के खिलाफ झामुमो ने सीएम का पुतला फूंका, कहा- सरकार की उपलब्धि है भय, भूख और भ्रष्टाचार

NEWSWING

Bokaro,  22 October : झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर कमिटी अध्यक्ष मंटू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बोकारो नया मोड़ स्थित बिरसा चौक में सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास  का पुतला दहन किया. रविवार को  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष हीरालाल मांझी ने कहा कि भाजपा नीत रघुवर दास की सरकार में झारखंड की जनता भूख से तड़प कर मर रही है. लेकिन सरकार विकास की खोखली बात कर जनता को मूर्ख बना रही है. हाल मे सिमडेगा में संतोषी और झरिया  में बैजनाथ दास की मौत भूख से हो गयी. परिवार में अनाज का एक दाना भी नहीं था. गरीबों को अनाज देने के लिए आधार कार्ड मांगा जा रहा है. वहीं अमीर लोग रोज लाखों का सोना  खरीदते हैं, तो उनसे आधार नंबर नहीं मांगा जाता. यह कैसी भाजपा की सरकार व उनकी  नीति है.

भाजपा सरकार पूर्ण रूप से निकम्मी हो चुकी है

बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के वक्त  बड़ी-बड़ी बातें करते नहीं थकते थे. नेता कहते थे कि झारखंड में भय, भूख, भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे. पर ऐसा करने में सरकार विफल रही. इन लोगों की कथनी और करनी में फर्क जनता समझ रही है. मंटू ने कहा कि रघुवर दास को नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए. लेकिन सूबे की सरकार अपनी ढ़फली अपनी राग अलाप रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूर्ण रूप से निकम्मी हो चुकी है. इस सरकार में गरीबों का शोषण और मजदूरों पर अत्याचार हो रहा है.

ये थे मौजूद

पुतला दहन कार्यक्रम में हसन अंसारी, मनोज हेंब्रम, आलोक सिंह, मुक्तेश्वर महतो, कलाम अंसारी, कन्हैया सिंह, उदय गोस्वामी, राजकुमार सोरेन, मो सुल्तान वाईद खान, मुटुकलाल किस्कू, राजाबाबु, दीनु पांडेय, राकेश सिन्हा, केके मंडल, दालो यादव, काली सोरेन, लालमोहन हेंब्रम, अभिमन्यु मांझी, टीपी महतो, धीरेन  महतो, विनय यादव, चंदन कुमार, प्रदीप रजक, सपन गोस्वामी, सलीम अंसारी, फिरोज अंसारी, मस्तान अंसारी, राजेश मंडल, किशोर किस्कु,  समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button