
Ranchi : प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र द्वारा वन अधिकार कानून में नये नियमों के मसले पर आपत्ति जतायी है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बुधवार को प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि वन अधिकार कानून ने आदिवासियों को उनका हक दिया है. ग्रामसभा व आदिवासी स्वराज की आवाज को महत्व दिया था. वन संरक्षण कानून के नये नियम आदिवासी स्वराज-ग्रामसभा के अधिकारों पर हमला हैं. नरेंद्र मोदी एवं भाजपा की कथनी में आदिवासी हित का दावा व दिखावा है पर करनी में छलावा है. एक तरफ भाजपा आदिवासियों को केंद्र बिंदु में रख कर विश्वास रैली का आयोजन करती है तो दूसरी तरफ आदिवासी समाज के संविधान प्रदत्त अधिकारों में लगातार कटौती कर रही है.
वन संरक्षण अधिनियम 1980 को वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अनुरूप सुनिश्चित तौर पर लागू करने के उत्तरदायित्व को मोदी सरकार ने तिलांजलि दे दी है.
इसे भी पढ़ें:Jharkhand Weather Today: झारखंड के इन जिलों में कुछ देर में होगी जोरों की बारिश, मौसम विभाग ने किया येलो अलर्ट
इन नये नियमों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय संबंधी संसद की स्थायी समितियों सहित अन्य संबद्ध हितधारकों से बिना कोई विचार विमर्श और चर्चा किये प्रख्यापित कर दिया गया है.
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि अनुसूचित जनजाति और अन्य पारंपरिक वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 एक ऐतिहासिक और सर्वाधिक प्रगतिशील कानून है. इसे जन सामान्य की भाषा में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के रूप में जाना जाता है.
इसे गहन संवाद और चर्चा के बाद संसद द्वारा सर्वसम्मति और उत्साहपूर्वक पारित किया गया था. यह देश के वन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी, दलित और अन्य परिवारों को व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों स्तर पर भूमि और आजीविका के अधिकार प्रदान करता है. पर इसमें केंद्र के स्तर से जो रवैया अपनाया गया है, वह आपत्तिजनक है.
इसे भी पढ़ें:राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह की तबीयत बिगड़ी, एयर एम्बुलेंस से जाएंगे दिल्ली




