
Jamshedpur: टाटा स्टील के बाद टाटा मोटर्स शहर की दूसरी बड़ी कंपनी है जिसके बोनस पर कर्मचारियों के साथ ही बाजार की नजर होती है. इस साल ग्रेड समझौता होने के बाद कर्मचारियों का बोनस होने वाला है. टाटा मोटर्स में बोनस के साथ स्थायीकरण की परम्परा रही है. लेकिन इस साल प्रबंधन और यूनियन ने ग्रेड समझौता के साथ ही 151 कर्मचारियों का स्थायीकरण भी किया है. ऐसे में इस बोनस में कर्मचारियों का स्थायीकरण कितना होगा, उसे अभी कहना मुश्किल है. लेकिन पिछले साल कुल 281 कर्मचारियों का स्थायीकरण और 10.6 फीसदी बोनस हुआ था. इसे देखते हुए लगता है कि इस बोनस पर स्थायीकरण की संख्या भी 150 के करीब हो सकती है.
जहां तक बोनस की बात है तो कंपनी पिछले वित्तीय वर्ष में घाटे में रही है, ऐसे में कहा जा रहा है कि बोनस भी 10 से 11 फीसदी के बीच ही रहेगा. वैसे अभी तक प्रबंधन और यूनियन की ओर से इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की गई है. माना जा रहा है कि अगले सप्ताह से बोनस की वार्ता में तेजी आने वाली है. इस साल भी बोनस समझौता समय से हो जाएगा क्योंकि इस बार दुर्गा पूजा पहले आ रहा है.
पिछले साल 10.6 फीसदी बोनस और 281 स्थायीकरण हुआ था
टाटा मोटर्स के कर्मचारियों (स्थायी) को 2021 में सुस्ती के बावजूद 10.6 फीसदी बोनस मिला था. 2020 में कोरोना काल के दौरान केवल 10 फीसदी बोनस मिला था. यही नहीं 2021 में प्रबंधन ने 281 कर्मियों को स्थायी पूल में शामिल करने को लेकर यूनियन के साथ समझौता किया था. 2020 में 221 कर्मियों का स्थायीकरण हुआ था. यानि 2021 में स्थायी होने वाले कर्मियों की संख्या 60 ज्यादा थी. पिछले साल टाटा मोटर्स के इतिहास में पहला मौका था जब बोनस और स्थायीकरण विश्वकर्मा पूजा के दिन ही हो गया. पिछले साल टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मियों को अधिकतम बोनस 50200 रूपए और औसत 38200 रूपए मिला था. इस समझौते का लाभ कंपनी के लगभग 5 हजार स्थायी कर्मियों को मिला था. जबकि साढ़े चार हजार अस्थायी कर्मियों को हमेशा की तरह 8.33 फीसदी बोनस मिलता है. पिछले साल स्थायी होने वाले 281 कर्मचारियों में से 5 टाटा मोटर्स हॉस्पिटल की नर्स भी थी, जिन्हें स्थायीकरण का तोहफा मिला था. कोविड के दौरान नर्सों की बढ़ी भूमिका को देखते हुए प्रबंधन ने यह अहम फैसला लिया.
टाटा मोटर्स का बोनस किस साल कितना
साल बोनस प्रतिशत स्थायीकरण
- 2021 10.6 281
- 2020 10.0 221
- 2019 12.9 306
- 2018 12.2 305
- 2017 10.0 301
- 2016 12.0 250
- 2015 10.0 321
- 2014 10.5 250
- 2013 13.3 250
- 2012 17.0 150
ये भी पढ़ें- Chaibasa : झारखंड-ओडिशा को जोड़नेवाले मनोहरपुर के धानापाली पुल का तीसरा पिलर भी धंसा, आवागमन पर लगी रोक




