Uncategorized

सरकार के तीन साल पूरे होने पर झारखंड की राजनीति उबाल पर, सत्ता और विपक्ष आमने-सामने

Ranchi:  रघुवर सरकार के तीन साल पूरे होने पर झारखंड का राजनीतिक पारा एक बार फिर उबाल पर है. एक तरफ सीएम रघुवर दास ने अपने आवास पर मीडिया को तीन साल में हुए विकास का हिसाब-किताब दिया, तो बगल के बंगले में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने सीएम पर अपने तरकश से मीडिया के सामने एक से बढ़कर एक तीर निकाल कर चलाए. सीएम रघुवर दास के आवास पर जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ. पत्रकारों का जमावड़ा हेमंत सोरेन के यहां लगा. हेमंत सोरेन ने मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सीएम को प्रवासी कहा. वहीं मोमेंटम झारखंड को लेकर कई तरह के सवाल उठाए. राज्य में शासन व्यवस्था पर भी ऊंगली उठाई. जिसके जवाब में अब बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बयान जारी किया है. कहाः हेमंत सोरेन के पास  जानकारी की कमी है. सीएम पर बयान देने से पहले वो अपनी जानकारी दुरुस्त कर लें.

इसे भी पढ़ेंः  “स्कैम झारखंड” से “इस बार बेदाग सरकार” तक का सफर रहा सेवा के तीन सालः रघुवर

हेमंत सोरेन को जानकारी की कमी, असली झारखंडी हैं सीएम

हेमंत सोरेन को पूरी जानकारी लेकर बात करनी चाहिए. मुख्यमंत्री रघुवर दास का जन्म जमशेदपुर के टीएमएच हॉस्पिटल में हुआ था. उनके पिता टाटा स्टील में काम करने वाले एक साधारण मजदूर थे. टाटा कंपनी झारखंड में कब से है ये बताने की जरूरत नही है. इन बातों को बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा. कहा कि जितनी हेमंत सोरेन की उम्र होगी उससे ज्यादा मुख्यमंत्री जी झारखंड की सेवा कर चुके हैं. वो मज़दूर का बेटा हैं. ये बात सही है कि हेमंत सोरेन की तरह सोने के चम्मच को लेकर मुख्यमंत्री जी का जन्म नहीं हुआ था.

इसे भी पढ़ेंः अब ऐसा महाभारत होगा जैसे पहले कभी नहीं हुआ: हेमंत सोरेन

प्रदेश प्रवक्ता ने लगाये गंभीर आरोप

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड के बालू घाटों को यहां के ग्राम सभाओं से छीनकर मुंबई के व्यापारियों को बेचने वाले और गोवा जाकर छुट्टियां मनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री रघुवर दास को प्रवासी बताने का कोई नैतिक हक नहीं है. मोमेंटम झारखंड के बारे में लगाए आरोपों पर पलटवार करते हुए शाहदेव ने कहा कि मोमेंटम झारखंड में सारी प्रक्रियाओं का पालन हुआ है. ‘मोमेंटम झारखंड’ झारखंड के विकास का टर्निंग प्वाइंट है जिसमें लाखों करोड़ के निवेश के साथ लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा.

इसे भी पढ़ेंः दुर्भाग्य : स्वास्थ्य के क्षेत्र में सबसे पिछड़े 115 जिलों में झारखंड के 24 में से 19 जिले

महाभारत शब्द का इस्तेमाल हास्यास्पद

प्रतुल शाहदेव ने कहा की हेमंत सोरेन का महाभारत जैसे धर्म युद्ध का उल्लेख करना हास्यस्पद है. क्योंकि धर्म युद्ध नैतिकता के आधार पर होता है. लेकिन, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तो अपने जमीर और आंदोलन को दिल्ली के सत्ता के गलियारों में कई बार बेचा है. उन्होंने कहा कि सीएम की लोकप्रियता से घबराकर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन घटिया स्तर के बयानों पर उतर आए हैं.  लेकिन बीजेपी ऐसा नहीं करेगी. उन्हें जवाब जनता की तरफ से मिल जाएगा.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button