JharkhandLead NewsRanchiSports

रांची के स्टेडियम में जल्द ही दौड़ लगाती दिखेंगी तापसी पन्नू

- तीन सालों से मोरहाबादी स्टेडियम में खिलाड़ियों को अब तक इंट्री नहीं, अब फिल्म की होगी शूटिंग

Amit Jha

Ranchi: मोरहाबादी का बिरसा मुंडा फुटबॉल ग्राउंड जल्द ही गुलजार होने वाला है. खिलाड़ियों से नहीं बल्कि फिल्म के कलाकारों से. दरअसल, यहां एक फिल्म की शूटिंग होनी है. इसमें स्टेडियम के नये ट्रैक पर फेमस एक्ट्रेस तापसी पन्नू दौड़ लगाती नजर आयेंगी. फिल्म की शूटिंग 18 दिसंबर को शुरू होगी.

बिरसा मुंडा फुटबॉल ग्राउंड, मोरहाबादी में फिल्म रश्मि रॉकेट की शूटिंग होनी है. फिल्म में तापसी गुजरात (कच्छ) की एक ऐसी महिला खिलाड़ी का रोल प्ले करेगी जो बेहद गरीबी के बावजूद इंटरनेशनल लेवल की एथलीट बनती हैं. शुटिंग के लिये 18 दिसंबर से 26

दिसंबर, 2020 तक स्टेडियम बुक हो चुका है.
मोरहाबादी के अलावा फिल्म की शुटिंग खेलगांव परिसर में की जानी है. इसके अलावा कुछ और स्थानों को भी लिस्ट में शामिल किया गया है. फिल्म की तैयारी के लिये मुंबई और दूसरी जगहों से टीम रांची आना शुरू कर चुकी है. फिल्म से जुड़ी टीम के मुताबिक शूटिंग के लिए आपदा प्रबंधन विभाग औऱ खेल विभाग तथा संबंधित पक्षों से अनुमति ली जा चुकी है.

खिलाड़ियों को नसीब नहीं ट्रैक के दर्शन

रघुवर दास के समय वर्ष 2017 में फुटबॉल मैदान में इंटरनेशनल क्वालिटी का ट्रैक बिछाया जाना शुरू हुआ था. 8 लेन का सिंथेटिक ट्रैक बिछाने का काम शुरू हुआ. तकरीबन 7.50 करोड़ की लागत इस पर आयी. करीब 14 महीने लगे और 2019 में यह काम पूरा भी हो गया. पर ट्रैक बिछाने में शिकायत के नाम पर स्टेडियम खिलाड़ियों के उपयोग में अब तक नहीं खोला जा सका है.

इधर इस साल (2020) तीन महीने पहले यह ट्रैक साझा (झारखंड खेल प्राधिकरण) को एनआरइपी औऱ रांची जिला प्रशासन की ओर से हैंडओवर भी हो चुका है. अब ग्राउंड के सिंथेटिक ट्रैक को खिलाड़ियों के लिये मुनासिब माना जा रहा है. हालांकि ग्राउंड में अब तक घास नहीं बिछायी जा सकी है.

इधर स्टेडियम में प्रैक्टिस करने की लालसा मन में लिये खिलाड़ी मोरहाबादी के आसपास की उबड़-खाबड़ जमीन पर अपना पसीना बहा रहे हैं. उन्हें स्टेडियम में बिछाये गये इंटरनेशनल सिंथेटिक ट्रैक को देखने तक का मौका नहीं मिला है. वे इंतजार में हैं कि ट्रैक पर उतरने का मौका मिले और वे अपना हुनर निखार सकें.

नये-नये प्रयोग करता रहा खेल विभाग

अरसे से इस मैदान का लाभ लेने को खिलाड़ी तरस रहे हैं. पर खेल हित में नये सिरे से ग्राउंड तैयार करने के नाम पर यहां खेल विभाग नये नये प्रयोग करता रहा. इंटरनेशनल क्वालिटी का ट्रैक लगाये जाने औऱ अन्य कामों के लिये 2017 से काम शुरू किया. अंततः 2 सालों बाद 2019 में ट्रैक बिछाने का काम फाइनल हुआ. साढ़े सात करोड़ की लागत बैठी. पर यह नया नवेला ट्रैक खिलाड़ियों के लिये गुड न्यूज नहीं ला सका. उनके पांव यहां कब पड़ेंगे, इसकी समय सीमा अब भी किसी को नहीं मालूम.

Related Articles

Back to top button