Uncategorized

चुनाव आयोग ने “नमो चाय” पर लगाई पाबंदी

लखनऊ: चुनाव आयोग ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की चाय बेचने वाली छवि को भुनाने के लिए शुरू की गई नमो दी स्टॉल पर पाबंदी लगा दी है। आयोग ने इस दौरान बांटी जाने वाली चाय को रिश्वत मानते हुए इसको चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना है। लिहाजा अब भाजपा इस तरह से चाय नहीं पिला सकेगी।

हालांकि भाजपा ने इससे निपटने का भी इंतजाम कर लिया है। इसके तहत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा है कि आयोग के फैसले का सम्मान करते हुए अब नमो टी स्टॉल के तहत मुफ्त चाय न बांटकर इसका कुछ शुल्क वसूला जाएगा। आयोग ने यह फैसला उस शिकायत के खिलाफ लिया है जिसमें लखीमपुर खीरी में भाजपा द्वारा बिना अनुमति नमो चाय चौपाल लगाने और लोगों को मुफ्त में चाय पिलाने की शिकायत की गई थी। इस बाबत मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने पहले प्रशासन से रिपोर्ट तलब की थी। यह चौपाल आठ मार्च को भाजपा की जिला इकाई ने लगाई थी।

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में मुफ्त चाय पिलाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। इसके अलावा नमो टी स्टॉल्स पर कडी नजर रखी जा रही है। आयोग के इस कदम को मोदी की ब्रांडिंग कर रही भाजपा के लिए एक जोरदार झटका माना जा रहा है। चुनाव आयोग ने इस मामले में मोहम्मदी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा समेत भाजपा के स्थानीय नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। चुनाव आयोग ने स्थानीय चुनाव अधिकारियों से नमो टी स्टॉल्स पर नजर रखने को कहा है। यूपी के मुख्य चुनाव अधिकारी के मुताबिक आचार संहिता के लागू होने के बाद राजनीतिक दलों द्वारा लोगों को कुछ भी मुफ्त बांटने को रिश्वत माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button