
Ranchi: निजीकरण के विरोध में अलग-अलग सेक्टरों में आने वाले दिनों में हड़ताल की रूपरेखा तैयार कर ली गई है. झारखंड में बैकिंग से लेकर खनन तक इससे प्रभावित होने की संभावना है. ट्रेड यूनियनों की ओर से इसकी घोषणा की गयी है. जिसका मुख्य उद्देश्य अलग अलग सेक्टरों में केंद्र सरकार की घोषित निजीकरण नीतियों का विरोध करना है. सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन के महासचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि 16 और 17 दिसंबर को बैंकों में हड़ताल है.
ऐसे में ग्रामीण बैंक से लेकर सभी राष्ट्रीयकृत बैंक बंद रहेंगे. पहली बार है, जब बैंक कर्मचारियों की हड़ताल में अधिकारी भी शामिल होंगे. जिससे कामकाज ठप रहेगा. प्रकाश ने बताया कि केंद्र सरकार बैंकों के निजीकरण के लिये लोकसभा में बिल पास करने वाली है. इससे बैंक कर्मियों में आक्रोश है. सार्वजनिक क्षेत्रों के निजीकरण का मतलब है कि समाजिक सुरक्षा की गारंटी नहीं होना.
इस्पात उद्योग में हड़ताल: 16 दिसंबर को ही इस्पात उद्योग के मजदूर हड़ताल करेंगे. देशव्यापी हड़ताल का कारण इस्पात मंत्रालय और मजदूर यूनियनों के बीच हुए समझौते को वापस लेने की मांग है. इस समझौते को सीटू समेत अन्य ट्रेड यूनियन नहीं मान रहे हैं. वहीं, इस्पात उद्योग में भी निजीकरण का विरोध किया जा रहा है. झारखंड में इसका असर देखा जायेगा.
जिसमें बोकारो स्टील सिटी, सेल के सभी यूनिट, रांची स्थित सेरामिक उद्योग में काम बंद रहेगा. खनन भी प्रभावित किया जायेगा. जिसमें किरीबुरू, मेघाहातुबुरू, जितपुर और चासनाला खदानें बंद रहेंगी. इस दौरान कोयला की ढुलाई और संप्रेषण बंद रहेगा. इससे करोड़ों के राजस्व के नुकसान की आशंका है.
जनवरी में फार्मा उद्योग में हड़ताल: 19 जनवरी को फार्मा उद्योग में हड़ताल आहूत है. जीवन रक्षक दवाओं के मूल्य में कमी करने की मांग की गयी है. फार्मा कंपनियों के निजीकरण का विरोध भी इस दौरान किया जायेगा. इसके बाद 23 फरवरी को सभी सेक्टरों की सम्मिलत हड़ताल होगी. जिसमें कोयला, हड़ताल, इस्पात के साथ रेलवे कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना है.




