
Daltonganj : पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के पचपोखरी गांव निवासी 28 वर्षीय विजय राम हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. विजय की हत्या के पीछे उसके माता-पिता ही शामिल थे. दोनों को गुरूवार को गिरफ्तार कर, जेल भेज दिया गया है.
विजय की पत्नी ने किया खुलासा
हुसैनाबाद के एसडीपीओ मनोज महतो ने बताया कि बुधवार को हैदरनगर थाना के केवाल गांव के समीप उत्तर कोयल मुख्य नहर गेट से विजय का शव बरामद किया गया था. युवक पिछले पांच दिनों से लापता था. शव मिलने के बाद उसकी हत्या की संभावना व्यक्त की जा रही थी. युवक के हाथ-पैर बंधे हुए थे. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही थी. इसी बीच विजय की पत्नी आशा देवी थाना पहुंची और बड़ा खुलासा किया.
विजय के मां-बाप ने कबूल किया गुनाह
आशा ने बताया कि उसकी सास ललती देवी और ससुर बच्चु राम ने ही उसके पति को मार डाला है. जानकारी होने पर वह थाना आना चाहती थी, लेकिन सास-ससुर उसे कैद कर रखा था और थाना आने से रोक रहे थे. किसी तरह वह गुरुवार को थाने पहुंची. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों ने अपने गुनाह कबूल कर लिया है. उन्होंने बताया है कि शनिवार की दोपहर में विजय की पहले पत्थर से वारकर हत्या की गयी और शव के हाथ-पैर बांधकर नहर में फेंक दिया गया.
इसे भी पढ़ें: तीन तलाक विधेयक में कई खामियां हैं : ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड
रिटायरमेंट में मिले पैसों की मांग करता था विजय
शव का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों का कहना है कि विजय को नहर में फेंकने से पहले ही उसकी हत्या कर दी गयी थी, क्योंकि पोस्टमार्टम करने पर विजय के पेट से पानी नहीं निकला. उसका जबड़ा टूटा हुआ पाया गया. नहर में डूबने से विजय की मौत होती तो उसके पेट से पानी जरूर मिलता. पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव काफी सूज गया था. बच्चु और उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया है कि विजय अक्सर उनके साथ मारपीट करता था. पिता के सीसीएल से रिटायर होने के बाद विजय उनसे रिटायरमेंट में मिले पैसों की मांग कर रहा था. रोज-रोज के झगड़े से तंग होकर उन्होंने हत्या की योजना बनायी. विजय का दूसरा भाई अजय रेलवे में नौकरी करता है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




