Uncategorized

अन्नाद्रमुक ने शशिकला पुष्पा को पार्टी से निकाला

चेन्नई: तमिलनाडु की मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) की महासचिव जे. जयललिता ने सोमवार को पार्टी की राज्यसभा सदस्य एल. शशिकला पुष्पा को पार्टी से निकाल दिया। पुष्पा ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम(द्रमुक) के एक नेता को थप्पड़ मारा था। जयललिता ने यहां जारी एक बयान में कहा है कि पुष्पा ने पार्टी के सिद्धांतों एवं आचार संहिता के खिलाफ काम किया। इसके साथ ही उन्होंने इस तरह से काम किया, जिससे पार्टी की बदनामी हुई।

जयललिता ने कहा कि पुष्पा को सोमवार से पार्टी के सभी पदों एवं पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटाया जाता है।

पार्टी सदस्यों को कहा गया है कि वे उनके साथ कोई संपर्क नहीं रखें।

शशिकला को पार्टी से निकाले जाने की यह कार्रवाई तब हुई, जब पुष्पा ने शुक्रवार शाम दिल्ली हवाईअड्डे पर द्रमुक के राज्यसभा सदस्य तिरुचि शिवा को थप्पड़ जड़ दिया।

पुष्पा ने कहा कि शिवा को उन्होंने कई थप्पड़ जड़े थे, क्योंकि उन्होंने जयललिता के बारे में कुछ अश्लील टिप्पणियां की थीं। हालांकि शिवा ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें केवल एक बार मारा गया।

शिवा बदले की कोई कार्रवाई या हंगामा किए बगैर वहां से चले गए थे।

जलललिता की करीबी सहयोगी शशिकला नटराजन और शशिकला पुष्पा दो अलग-अलग महिलाएं हैं।

बताया जाता है कि जयललिता ने पुष्पा से दिल्ली हवाईअड्डे पर किए गए व्यवहार के लिए स्पष्टीकरण मांगा था और शिवा पर हमला करने का कारण बताने को कहा था।

नई दिल्ली में पुष्पा ने अपनी जान को खतरा होने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “मेरी जान को खतरा है। मेरे नेता की ओर से मुझे संवैधानिक पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मैं अपने नेता के प्रति बहुत कृतज्ञ हूं।”

खबरों के मुताबिक, शशिकला रविवार को अन्नाद्रमुक की महासचिव जयललिता के आवास पर गई थीं।

शशिकला ने कहा, “तमिलनाडु में मेरी कोई सुरक्षा नहीं है.. मुझे सुरक्षा की जरूरत है।” शशिकला ने यह बात कही, लेकिन अन्नाद्रमुक के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया।

राज्यसभा के उपसभापति पी. जे. कुरियन ने उन्हें इस मुद्दे पर सभापति को लिखने के लिए कहा। उन्होंने अन्नाद्रमुक के अन्य सदस्यों को आश्वस्त किया कि ऐसे किसी भी सदस्य के संदर्भ को हटा दिया जाएगा, जो खुद का सदन में बचाव नहीं कर सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button