
Ranchi: झारखंड के कई जिलों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में विद्युतीकरण का काम लक्ष्य से पीछे चल रहा है. आइपीडीएस/आर–एपीडीआरपी योजना के तहत डालटनगंज, गढ़वा, बोकारो, धनबाद और चास में शहरी क्षेत्रों में विद्युत सुदृढ़ीकरण का काम चल रहा है. वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, बोकारो, धनबाद और चास के ग्रामीण क्षेत्रों में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना और सौभाग्य योजना के तहत काम किया जा रहा है. इन क्षेत्रों में काम करने वाली कंपनियों की कार्य प्रगति पर झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड ने नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई है.
इसे भी पढ़ेंःपुरी के जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की चाभी गायब, शंकराचार्य और भाजपा ने जताया विरोध
काम तेज करने का दिया निर्देश
डालटनगंज, गढ़वा, बोकारो, धनबाद और चास में हो रहे ग्रामीण विद्युतीकरण के कार्यो की झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की ओर से सोमवार को समीक्षा की गई. यहां आइपीडीएस/आर–एपीडीआरपी योजना के तहत मेसर्स अशोक बिल्डकॉम, मेसर्स ऑफशोर, मेसर्स आइएलएंडएफएस और मेसर्स गोपी कृष्णा की ओर से काम कराया जा रहा है. समीक्षा के दौरान अशोक और आइएलएंडएफएस का काम लक्ष्य से पीछे पाया गया. इसके बाद दोनों एजेंसियों को झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड ने फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें- रिम्स में आठ महीने में आठ बार हड़ताल, 50 से अधिक मौत, जिम्मेवार कौन?
जून-जुलाई तक पूरा करें काम
पलामू, गढ़वा, लातेहार, बोकारो, धनबाद और चास में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण का काम मेसर्स टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड, ईस्ट इंडिया उद्योग लिमिटेड , मेसर्स जैक्सन लिमिटेड, स्टर्लिंग एंड विल्सन, विजय इलेक्ट्रिकल्स और टेक्नो इलेक्ट्रिकल्स के द्वारा किया जा रहा है. समीक्षा के दौरान झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड ने मेसर्स अनविल केबल्स और टेक्नो इलेक्ट्रिक का काम लक्ष्य से पीछे पाया . इन दोनों कंपनियों को भी झारखंड ऊर्जा निगम लिमिटेड ने फटकार लगायी और कहा कि जून-जुलाई तक हर हाल में काम पूरा कर लें.
लातेहार में तेजी से चल रहा काम
झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अनुसार 252 गांवों में से 250 में विद्युतीकरण कर लिया गया है. शेष दो आंशिक विद्युतीकरण वाले गांव लातेहार से संबंधित है, जहां विद्युतीकरण का काम तेजी से चल रहा है. गौरतलब है कि भारत सरकार की ओर से घोषित ग्राम स्वराज योजना 2 के अंतर्गत 1 जून से 15 अगस्त 2018 तक 6507 आंशिक विद्युतीकृत गांवों में पूर्ण विद्युतीकरण करने का लक्ष्य निर्धारित है. जिसके अंतर्गत बोकारो, गढ़वा, पलामू और लातेहार में क्रमश: 367, 437, 599, 227 आंशिक विद्युतीकृत गांवों को पूर्ण विद्युतीकृत करना है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




