Uncategorized

मणिपुर चुनाव : कांग्रेस तीसरी बार सत्ता वापसी को तैयार

इम्फाल, 6 मार्च | मणिपुर में सत्तारूढ़ कांग्रेस लगातार तीसरी बार सत्ता की कमान सम्भालने के लिए तैयार है। मंगलवार को यहां चल रही विधानसभा चुनावों की मतगणना के दोपहर 14.45 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस ने 22 सीटें जीत ली हैं और अन्य पार्टियां उससे काफी पीछे हैं।

मंगलवार को दोपहर 14.45 बजे तक राज्य विधानसभा की 60 में से 41 सीटों के परिणाम और रुझाान मिल चुके हैं। राज्य निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक कांग्रेस ने अब तक 22 सीटें जीती हैं और पांच पर बढ़त बनाए हुए है।

तृणमूल कांग्रेस ने चार सीटें जीती हैं और एक पर बढ़त बनाए हुए है। नागा पीपल्स फ्रंट (एनएफपी) ने दो सीटों पर जीत हासिल की है और दो पर आगे है। मणिपुर स्टेट कांग्रेस पार्टी (एमएससीपी) व लोक जनशक्ति पार्टी को एक-एक सीट मिली है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री ओकरम इबोबी सिंह पूर्वोत्तर में हाल के समय में ऐसे दूसरे मुख्यमंत्री हो सकते हैं, जिन्होंने लगातार तीसरी बार अपनी पार्टी को जीत दिलायी है। इससे पहले असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के नाम यह रिकॉर्ड था।

गोगोई ने 2001, 2006 व 2011 में पार्टी को सत्ता दिलाई थी। इबोबी सिंह इससे पहले 2002 व 2007 में मणिपुर में अपनी पार्टी को सत्ता दिला चुके हैं।

मणिपुर में कांग्रेस प्रवक्ता एन. बिरेन सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अगली सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा, “इस बार हम 35 से कम सीटें नहीं जीतने जा रहे हैं।” सिंह हींगेंग निर्वाचन क्षेत्र से विजयी हुए हैं।

कांग्रेस को इस बार राज्य में कड़ी टक्कर देने की कोशिश हुई थी। कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए कम से कम 11 गैर-कांग्रेसी पार्टियों का गठबंधन बना था। इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी), मणिपुर पीपल्स पार्टी (एमपीपी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), जनता दल-युनाइटेड, नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी), मणिपुर स्टेट कांग्रेस पार्टी (एमएससीपी), तृणमूल कांग्रेस, लोक जनशक्ति पार्टी, भाजपा और नागा पीपल्स फ्रंट (एनपीएफ) शामिल हैं। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button