Uncategorized

मोदी के खिलाफ दो-दो एफआईआर दर्ज

नई दिल्ली: वोटिंग के बाद चुनाव चिह्न दिखाने के मामले में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मोदी के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं। एफआईआर जनप्रतिनिधित्व की धारा 126-ए के तहत दर्ज की गई है। इसके तहत मोदी को दो साल तक की सजा हो सकती है। मोदी ने वोट देने के बाद पोलिंग बूथ के बाहर प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कमल का निशान दिखाया था। मोदी के साथ ही प्रेस कांफ्रेस दिखाने वाले टीवी चैनल्स पर भी केस दर्ज किया गया है।

इससे पहले चुनाव आयोग ने मोदी के इस कदम को आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन मानते हुए उनके खिलाफ गुजरात के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके अलावा उन टी वी चैनलों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करनेका निर्देश दिया था, जिन्होंने मोदी की प्रेस कांफ्रेंस का टेलीकास्ट किया।

आयोग ने कहा है कि मोदी ने बुधवार सुबह मतदान करने के बाद अहमदाबाद में एक जनसभा की और उसका वीडियो आयोग ने देखा है। मोदी ने उसी लहजे एवं अंदाज में जनसभा को संबोधित किया और जिस तरह उन्होंने अपनी पार्टी का चुनाव चिह्न “कमल” प्रदर्शित किया, बयान दिया और टी वी पर दिखा गया, उससे पता चलता है कि उनका यह भाषण न केवल अहमदाबाद एवं बल्कि पूरे गुजरात तथा देश में चुनाव परिणामों को प्रभावित करने वाला है।

इसलिए आयोग का मानना हैे कि जिस दिन मतदान हो रहा है, उस दिन इस तरह की चुनावी सभा करना जन प्रतिनिधित्व कानून 1951 की धारा 126 (1) तथा 126 (1बी) का सरासर उल्लंघन है। इसलिए, आयोग मोदी तथा उन सबके खिलाफ एफआईआर या थाने में शिकायत दर्ज करने का निर्देश देता है जिन्होंने इस चुनावी सभा को संबोधित किया या आयोजित करने में भूमिका निभाई।

आयोग ने कहा, अगर अहमदाबाद में निषेधाज्ञा कानून लागू किया गया हो तो भारतीय दंड सहिंता की धारा 188 के तहत भी उनके खिलाफ एफआईआर या शिकायत दर्ज हो।

मोदी ने डाला वोट, कांग्रेस की आलोचना की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मताधिकार का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रेस वार्ता में पार्टी का चुनाव चिन्ह दिखाने के मामले में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हो जाएगी और नई व मजबूत सरकार सत्ता में आएगी।

उन्होंने कहा, चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के विचारों का विश्लेषण करने के बाद मैं कह सकता हूं कि इस बार कोई भी चीज “मां-बेटे” की सरकार को नहीं बचा सकती है। एक मजबूत सरकार सत्ता में आएगी।

गुजरात के मुख्यमंत्री को स्याही लगी अंगुली और पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल के साथ सेल्फी लेते देखा गया। इस पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों की तरफ से विरोध के स्वर तेज हो गए हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि उनकी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है, जिसके अनुसार मतदान के दिन मतदान केंद्र के अंदर या इसके आसपास चुनाव चिन्ह का प्रदर्शन प्रतिबंधित है।

इधर, आप नेता आशुतोष ने टि्वटर पर लिखा, मोदी को मतदान के दिन पार्टी के चुनाव चिन्ह के साथ प्रेस वार्ता का आयोजन करने की इजाजत कैसे दी जा सकती है? यह निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देश का उल्लंघन है। क्या निर्वाचन आयोग कार्रवाई करेगा?

उन्होंने कहा, भाजपा ने मतदान के दिन घोषणापत्र जारी किया। मोदी ने मतदान के दिन रोडशो किया और अब पार्टी का चिन्ह दिखाया। क्या निर्वाचन आयोग कार्रवाई करेगा?

गांधीनगर संसदीय सीट पर मतदान करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि वह गुजरात की जनता को पहले की तरह समय न दे पाने के लिए माफी मांगते हैं।

देशभर में भारी संख्या में हो रहे मतदान का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा, बड़ी संख्या में हो रहे मतदान को देखते हुए लग रहा है कि यह चुनाव देश को नई मजबूती देगा।उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के संसदीय सीट गांधीनगर का मतदाता होने पर खुद को भाग्याशाली बताया। मोदी गुजरात के वड़ोदरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button