
Lohardaga: गोमिया और सिल्ली विधानसभा उपचुनाव में मिली शानदार जीत पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जमकर जश्न मनाया है. दोनों सीटों पर मिली जीत का जश्न लोहरदगा में भी देखने को मिला, जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के उपाध्यक्ष रंथु उरांव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में आतिशबाजी कर जश्न मनाया. जेएमएम कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी. इस जीत से विपक्ष दलों में भी खुशी का माहौल है.
इसे भी पढ़ेंःजनता ने रघुवर सरकार को नकारा, उपचुनाव में गोमिया-सिल्ली में हेमंत वाला विपक्ष काबिज, आजसू दोनों जगह चारों खाने चित
बीजेपी के घमंड की हार- धीरज
वही राज्यसभा सांसद धीरज साहू ने गोमिया-सिल्ली उपचुनाव में मिली जीत पर जेएमएम को बधाई दी. और इसे यूपीए की जीत और बीजेपी के घमंड की हार बताया. उन्होंने कहा कि बीजेपी को लोगों ने नकार दिया है. भाजपा सरकार की उल्टी गिनती अब शुरू हो गयी है और 2019 में UPA गठबंधन की सरकार बननी तय हो गयी है.
इसे भी पढ़ेंःसिल्ली-गोमिया में एनडीए की हारः रघुवर के लिए बड़ा सबक और सत्ता से चिपके रहने के मोह ने सुदेश को कहीं का नहीं छोड़ा
लोकतंत्र की जीत-जेएमएम
अपनी दोनों सीटों पर फिर से काबिज होने की खुशी जेएमएम के नेता और कार्यकर्ताओं में साफ देखी जा रही है. लोहरदगा में जश्न मनाते हुए जेएमएम नेताओं ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत आम जनता की जीत है. आम जनता केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली से नाखुश है. जिसके परिणामस्वरुप दोनों उपचुनाव में एनडीए को करारी हार का सामना करना पड़ा है. इस उपचुनाव में मिली जीत से आने वाले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में भी एनडीए की तस्वीर साफ हो गई है. भाजपा ने जनता को मूर्ख बनाने का काम किया, जिसकी वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




