
Ranchi: धनबाद कोलियरी में श्रमिकों के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे बीसीयूके नेता सुरेश गुप्ता समेत अन्य की गिरफ्तारी की सीपीआइएम ने निंदा की है. राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि रात दो बजे सुरेश गुप्ता को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. ऐसा क्या कारण रहा कि आधी रात को गिरफ्तारी की गयी. इतना ही नहीं, आधी रात गिरफ्तार करना कितना उचित है इसकी जवाबदेही भी धनबाद पुलिस ले. प्रकाश ने कहा कि इस गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन किया जायेगा. मुख्यमंत्री को मामले में जल्द से जल्द हस्तक्षेप करना चाहिये.
मामले की जानकारी देते हुए प्रकाश ने बताया कि धनबाद कोलियरी में लंबे समय से आंदोलन जारी है. मामला विस्थापन और परियोजना बंद होने से जुड़ा है. बीसीसीएल प्रबंधन की बस्ताकोला कोलियरी में सीडब्लूके परियोजना को बंद कर यहां के 246 कामगारों के सामने रोजगार और भूखमरी का सवाल है. ऐसे में सरकार को चाहिये की इस मामले में संज्ञान लेते हुए मामले में हस्तक्षेप करें.
प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच पार्टी की टीम कर रही है. मजदूरों से श्रमिक नेताओं से वार्ता कर मामले की जानकारी ली जा रही है. जिसके बाद पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी. उन्होंने कहा कि घटना से जानकारी मिलती है कि धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस श्रमिक अशांति को बढ़ावा दे रही है. उन्होंने सुरेश गुप्ता समेत अन्य को रिहा करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand विधानसभा: द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना देश के लिए गौरव की बात : स्पीकर




