रांचीः उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के सुप्रीमो दिनेश गोप के निर्देश पर गुमला जेल में बंद अजरुन ठाकुर जेल ब्रेक की योजना बना रहा है.
जेल ब्रेक की योजना को अंजाम देने के लिए अर्जुन रांची और खूंटी के उग्रवादियों के साथ भी संपर्क स्थापित कर रहा है. इस बात की पुष्टि आधिकारिक रूप से आइजी ऑपरेशन सह पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता एसएन प्रधान ने की है. उन्होंने बताया कि जेल ब्रेक की सूचना पुलिस मुख्यालय को मिल चुकी है. मुख्यालय ने गुमला, खूंटी और रांची के एसएसपी को इस बाबत अलर्ट किया है.
पुलिस के मुताबिक हाल के दिनों में खूंटी, गुमला, रांची, सिमडेगा व लोहरदगा से दर्जनों पीएलएफआइ के उग्रवादी पकड़े गये हैं. इनमें लाका पाहन और कारगिल यादव सहित कई बड़ें उग्रवादी शामिल हैं. जेल में पहले से भी पीएलएफआइ के कई बड़े उग्रवादी बंद हैं. इसका असर संगठन पर भी पड़ रहा है. जेल में बंद उग्रवादी किसी भी हाल में बाहर निकलना चाह रहे हैं.




