Uncategorized

हैदराबाद में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या 11 हुई

हैदराबाद: हैदराबाद में गुरुवार रात एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। शुक्रवार रात बचाव कर्मियों ने छह और शव मलबे से निकाले। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बचाव कार्य शनिवार सुबह ही पूरा हो गया। शुक्रवार को एक महिला और एक बच्चे को मलबे से जीवित निकाला गया था।

नानकरामगुडा इलाके में गुरुवार रात सात मंजिला इमारत ढह गई थी। बचाव कर्मियों को मलबा हटाने में 36 घंटे लग गए।

सभी पीड़ित मजदूर थे। इमारत ढहने के समय मजदूर और उनके पारिवारिक सदस्य इमारत की कोठरी में सो रहे थे।

मरने वालों में आंध्रप्रदेश के विजयानगरम जिले के नौ और श्रीकाकुलम जिले के एक मजदूर शामिल हैं। छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की भी मौत हुई है।

मृतकों की पहचान ए.एन. समबैयाह (45), एन. पैदम्मा (40), एन. गौरी (13), के. पोलीनायडू (32), के. लक्ष्मी (26), आर. शंकर राव (18), पी. पोलीनायडू (35), पी. नारायनम्मा (28), और पी. मोहन (3) के रूप में हुई है।

श्रीकुलम से दुर्गा राव और छत्तीसगढ़ से शिवा भी मृतकों में शामिल हैं।

तेलंगाना सरकार ने मृतकों के परिवार को 10-10 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

राहत व बचाव कार्य की निगरानी करने वाले नगरनिगम प्रशासन मंत्री के.टी. रामा राव ने कहा कि पुलिस ने केरल में बिल्डर सत्यनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उस पर बिना अनुमति निर्माण कराने, नियमों का उल्लंघन करने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

सरकार ने भी जीएचएमसी के उपायुक्त और सहायक नगर योजना अधिकारी को निलंबित कर दिया है।

आईएएस नवीन मित्तल की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो 15 दिन के भीतर रिपोर्ट सौपेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button