
Ranchi : राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए रविवार को सैप के जवानों की टुकड़ी पहुंच गई. उनके रहने की व्यवस्था रिम्स के डेंटल कॉलेज में बनाई गई है. जिसका उद्घाटन सैप वन वाहिनी के कमांडेंट कर्नल प्रवीण कुमार और डीजीपी डीके पांडेय ने फीता काटकर संयुक्त रुप से किया. इस अवसर पर रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ आरके श्रीवास्तव, उपनिदेशक गिरजा शंकर प्रसाद, अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप, उपाधीक्षक डॉ संजय और रिम्स डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ पंकज गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें- JMM और JVM से बात कर महागठबंधन की संभावनाएं तलाश रही कांग्रेस
इस अवसर पर सैप वन वाहिनी के कमांडेंट कर्नल प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय झारखंड रांची के निर्देशानुसार भारतीय सेना के भूतपूर्व 5 अधिकारी और 20 जवानों की प्रतिनियुक्ति रिम्स परिसर में की गई है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य उच्च कोटि की सुरक्षा प्रदान करना है. कमांडेंट ने डेंटल कॉलेज में बनाए गये सैप जवानों के अस्थाई बैरक का निरीक्षण कर इसे बेहतर बताया. उन्होंने कहा कि रिम्स प्रबंधन के निर्देशानुसार रिम्स परिसर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सैप वन वाहिनी के अधिकारी व जवानों की ड्यूटी लगाई जायेगी. यहां प्रतिनियुक्त बल के इंचार्ज सूबेदार मेजर (आनरेरी लेफ्टिनेंट) सोमरा उरांव होंगे. इस अवसर पर जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से डॉक्टर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी सहित कमांडेंट कर्नल प्रवीण कुमार ने पौधरोपण भी किया.




