
Ranchi: रांची में लंबे समय से अधर में लटके कांटाटोली फ्लाईओवर का काम फिर से शुरू हो गया है. रोड के दोनों ओर नालियों का निर्माण कार्य चल रहा है. वहीं पानी का पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है. अब नई एजेंसी ने पिलर के लिए ड्रीलिंग का काम शुरू कर दिया है. जिससे साफ है कि अब कांटाटोली फ्लाईओवर का काम रफ्तार पकड़ेगा. यदि काम की रफ्तार तेज रही तो 2024 के अंत तक लोगों को कांटाटोली चौक पर जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा. बताते चलें कि अहमदाबाद की कंपनी मेसर्स दिनेश अग्रवाल एंड संस को कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण का काम दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : शिक्षकों के अंतर जिला ट्रांसफर में दिव्यांग, गंभीर बीमारी से ग्रस्त, पति-पत्नी व महिला शिक्षकों को ही प्राथमिकता
2240 मीटर हो गई है लंबाई
झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने फ्लाईओवर में कुछ बदलाव किया था. जिसके तहत योगदा सत्संग आश्रम, बहु बाजार (रांची) से कांटाटोली चौक होते शांति नगर, कोकर (रांची) तक फ्लाईओवर तैयार किया जाना है. इसकी कुल लंबाई 2240 मीटर होगी. वहीं काम पूरा करने में 18767.28 लाख की लागत आने की उम्मीद जतायी गयी है.
2020 में ही पूरा होना था काम
पूर्व में फ्लाईओवर के लिए 1250 मीटर की लंबाई तय हुई थी. बाद में इसमें बदलाव किया गया तो इसकी लंबाई 2240 मीटर हो गई. वर्तमान सरकार में अक्टूबर 2021 में कांटाटोली फ्लाईओवर के लिए पहली बार टेंडर जारी हुआ था. इसके बाद फ्लाईओवर निर्माण का काम कुल 24 माह में करने का प्रस्ताव रखा गया था. इससे पहले फ्लाईओवर निर्माण की योजना 2016 में बनी थी. 2017 में एजेंसी का चयन किया गया. भू-अर्जन नहीं होने के कारण काम चालू नहीं हो पाया. इस बीच मई 2018 में भू-अर्जन का काम पूरा हुआ. जून 2018 से फ्लाईओवर निर्माण का काम शुरू हुआ. ऐसे में जून 2020 तक कांटाटोली फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाना चाहिए था.
इसे भी पढ़ें : समस्तीपुर में रेलवे स्टेशन से नशे में धुत्त युवती गिरफ्तार, दो बोतल शराब बरामद




