
Ranchi : स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर इस बार रांची शहर की रैंकिंग में सुधार तय माना जा रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि स्वच्छता के लिहाज से रांची शहर को एक बार फिर से ओडीएफ+ का दर्जा मिला है. यह रैंकिंग दिसंबर 2020 से लेकर दिसंबर 2021 तक के लिए दी गयी है.
नगर निगम की ओर से शुरू की गयी इस मुहिम पर केंद्र सरकार की क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी मुहर लगा दी है. रांची शहर को मिली इस रैंकिंग का असर यह होगा कि इस वर्ष हो रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में आरएमसी को 300 मार्क्स मिलेंगे.
इससे रांची शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होना तय माना जा रहा है. बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में रांची शहर को देशभर में रांची को 30वां स्थान मिला था, वहीं 2019 में रांची 46वें पायदान पर था.
रैंकिंग देने से पहले केंद्र सरकार की टीम ने शहर के करीब 44 टॉयलेटों का सर्वेक्षण किया था. इसमें से हिनू चौक से बिरसा चौक और हरमू चौक से डिबडीह चौक तक के टॉयलेट को बेस्ट टॉयलेट का दर्जा दिया गया है. दोनों ही टॉयलेट कॉमर्शियल इलाके में आते हैं. वहीं स्लम इलाकेवाले टॉयलेट में हातमा क्लब, कांके रोड स्थित मिशन गली, मौसीबाड़ी, ट्रिल अकरा कोचा, कांटाटोली स्थित हरिजन बस्ती, समलौंग हरिजन बस्ती को भी सर्वेक्षण में बेहतर पाया गया है.
इसे भी पढ़े : UPSC की सिविल सेवा परीक्षा के लिए 10 फरवरी से कर सकते हैं आवेदन, प्रिलिम्स 2021 का जारी होगा नोटिफिकेशन
रांची शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए निगम स्वच्छता के हर पहलू पर विशेष ध्यान दे रहा है. बीते दिनों मेयर आशा लकड़ा ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर एक आपात बैठक बुलायी थी. बैठक में मेयर ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, टेक्निकल स्वीपिंग व मॉड्यूलर टॉयलेट की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया था.
इस दौरान मेयर ने ई-कचरा पर भी विशेष ध्यान दिया था. उन्होंने कहा था कि लोग कचरा के साथ लोग टूटे बर्तन व कपड़े भी सड़कों पर फेंक देते हैं. इस ई-कचरा को लेकर मेयर ने kabadi.com के माध्यम से शाहरवासियों को सर्विस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.
इसके अलावा शहर की स्वच्छता रैंकिंग को और बेहतर बनाने के तहत ही रांची नगर निगम जल्द संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम से भी जुड़ेगा. योजना में आनेवाला पूरा खर्च यूएनडीपी द्वारा ही वहन किया जायेगा.
इसके लिए दोनों संस्थाओं के बीच जल्द ही एक एमओयू हो सकता है. बताया जा रहा है कि योजना के तहत रांची नगर निगम क्षेत्र में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जायेगी.
इसे भी पढ़े : पलामू: नेवी जवान हत्याकांड की जांच के लिए पहुंची मुंबई पुलिस, दो घंटे तक की परिजनों से पूछताछ




