Akshay Kumar Jha
Ranchi : न्यूज़ विंग की खबर पर एक बार फिर से मुहर लगी है. 3 दिन पहले ही न्यूज़ विंग ने यह खबर छापी थी कि BJP की तरफ से गोमिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए माधव लाल सिंह उम्मीदवार होंगे, जिस पर आज बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मुहर लगा दी गयी. कार्यालय में बुलाये गये प्रेस वार्ता में अनंत ओझा दीपक प्रकाश ने बताया कि बीजेपी की तरफ से माधवलाल सिंह ही गोमिया से चुनाव लड़ेंगे. इस घोषणा के बाद सारे कयासों पर ताला लग गया. माना जा रहा था कि बीजेपी के ही कुछ कार्यकर्ता माधव लाल सिंह के उम्मीदवार बनने का विरोध कर रहे थे लेकिन इस प्रेस वार्ता के बाद न्यूज़ विंग की खबर पर मुहर लगी और गोमिया उपचुनाव में रोमांच पर बढ़ गया.
इसे भी पढ़ें – न्यूज विंग में खबर चलने के चार घंटे बाद सरकार ने मंजूर किया लंबोदर का VRS, अब चुनाव लड़ने में नहीं कोई परेशानी
बीजेपी का उम्मीदवार माधव लाल सिंह होने की वजह
पिछली बार माधव लाल सिंह को योगेंद्र महतो ने करीब 30,000 वोटों से हरा दिया था. इसके पीछे एक मात्र वजह यह मानी जा रही है कि किसी भी पार्टी की तरफ से कोई महतो उम्मीदवार नहीं उतारा गया था. इसका फायदा जेएमएम के उम्मीदवार योगेंद्र महतो को मिला. महतो वोट के ध्रुवीकरण की वजह से योगेंद्र महतो ने एक शानदार जीत हासिल की. लेकिन इस बार आजसू की तरफ से लंबोदर महतो के मैदान में आ जाने से महतो वोट किसी एक उम्मीदवार को नहीं मिलने वाली. महतो वोट के विभाजन की वजह से माधव लाल सिंह को फायदा हो सकता है. इसी समीकरण के मद्देनजर माधव लाल सिंह पर बीजेपी दोबारा से दांव आजमा रहा है
बजी चुनावी रणभेरी, माधव लाल की साख दांव पर
BJP की तरफ से माधव लाल सिंह को टिकट दिये जाने के बाद गोमिया विधानसभा में चुनावी रणभेरी बज चुकी है. सभी उम्मीदवार अपनी पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. जेएमएम की तरफ से योगेंद्र महतो की पत्नी बबीता देवी, आजसू की तरफ से लंबोदर महतो और बीजेपी की तरफ से माधव लाल सिंह आमने सामने हैं. पिछली बार योगेंद्र महतो ने जिस तरीके से माधव लाल सिंह को एक बड़े अंतर से हराया था, उसके बाद उनका हौसला काफी बुलंद माना जा रहा है. वहीं लंबोदर महतो लगातार करीब 3 सालों से गोमिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं. लगातार क्षेत्र में लोगों से मिलने जुलने का काम कर रहे हैं. माधव लाल सिंह पिछले चुनाव में हारने के बावजूद जीतने का दम रखते हैं. माधव लाल सिंह गोमिया विधानसभा से चार बार (वर्ष 1985, 1990, 2000, 2009 में) विधायक रह चुके हैं, हालांकि किसी पार्टी विशेष की टिकट पर उन्हें एक बार ही जीत हासिल हुई है. देखना होगा इस बार बीजेपी के टिकट पर जनता उन पर अपना भरोसा जमाती है या नहीं.